मणिपुर में हिंसा के बाद सेना असम राइफल्स ने 23 हजार नागरिकों को बचाया..

मणिपुर में हिंसा के बाद सेना असम राइफल्स ने 23 हजार नागरिकों को बचाया है। सेना ने हवाई निगरानी भी बढ़ा दी है। बचाव अभियान शुरू होने के बाद राज्य में हिंसा की कोई बड़ी घटना नहीं हुई है।

मणिपुर में हिंसा रोकने के लिए बुलाई गई सेना और असम राइफल्स ने अब तक लगभग 23 हजार नागरिकों को सफलतापूर्वक बचाया है और उन्हें सैन्य छावनियों में भेजा गया है। सेना ने एक बयान में कहा कि बचाव अभियान शुरू होने के बाद से हिंसा की कोई बड़ी घटना नहीं हुई है, जिसके परिणामस्वरूप कफ्र्यू में ढील दी गई है।

अपने लोगों को निकालने में जुटे राज्य

मणिपुर में भड़की जातीय हिंसा के बाद कई राज्य अपने लोगों को वहां से निकालने में जुटे हुए हैं। रविवार को नगालैंड के 676 नागरिकों को सुरक्षा बलों द्वारा मणिपुर से सुरक्षित निकाला गया। मणिपुर में पढ़ाई कर रहे त्रिपुरा के 208 छात्र अपने राज्य लौट आए हैं। 21 अन्य छात्र इंफाल हवाई अड्डे पर घर लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

आंध्र प्रदेश ने अपने 100 छात्रों को वहां से निकाल लिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मणिपुर में फंसे राज्य के 22 छात्रों को पहले असम भेजा जाएगा, जहां से उन्हें लाने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जाएगी। मिजोरम के 45 छात्र भी सकुशल अपने घर पहुंच गए।

असम राइफल्स ने राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड के 188 कर्मचारियों को सफलतापूर्वक बचाया और उन्हें मिजोरम में सुरक्षित स्थान तक पहुंचा दिया।

कुलदीप सिंह बने सुरक्षा सलाहकार

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के प्रमुख कुलदीप सिंह को मणिपुर सरकार का सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (खुफिया) आशुतोष सिन्हा को समग्र परिचालन कमांडर नियुक्त किया है। इसके अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव विनीत जोशी को मणिपुर का मुख्य सचिव बनाया गया है।

सेना ने हवाई निगरानी बढ़ाई

पिछले 24 घंटों में सेना ने हवाई निगरानी बढ़ा दी है। इंफाल घाटी के भीतर सेना के हेलीकाप्टरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री जी किशन रेड्डी ने हैदराबाद में कहा कि केंद्र सरकार मणिपुर में संघर्षरत गुटों से बातचीत करने और उनके मुद्दों के समाधान के लिए तैयार है। राज्य के पुलिस महानिदेशक पी डोंगल ने कहा है कि सुरक्षा बलों के हस्तक्षेप के बाद राज्य में स्थिति में सुधार हुआ है।

Back to top button