सरकार बनने के बाद पुलिस और अधिकारियों से हिसाब लेंगे- कमलनाथ 

मध्य प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आता जा रहा है, भाजपा और कांग्रेस दोनों की तरफ से बयानों का सिलसिला जोर पकड़ रहा है। MP के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को निवाड़ी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विवादित ऐलान कर दिया। मंच से कमलनाथ ने कहा कि 8 महीने बाद सूबे में चुनाव हैं। चुनाव में कांग्रेस सरकार बनने का दावा करते हुए उन्होंने कहा 8 महीने बाद वो पुलिस और अफसरों से हिसाब लेंगे। दरअसल कमलनाथ ने पुलिस और अधिकारियों को शिवराज सरकार और भाजपा के लोगों की तरफदारी करने का आरोप लगाया था। कांग्रेस पार्टी BJP पर नौकरशाही और अधिकारियों के सियासी इस्तेमाल का आरोप लगाती रही है। 

कमलनाथ ने मंच से कहा, “पुलिस और अधिकारी कान खोलकर सुन लें, 8 महीने बाद सरकार कांग्रेस की होगी तब आपसे हम हिसाब लेंगे। आप सरकारी नौकर हैं आपका काम जनता की सेवा करना है लेकिन आप BJP और शिवराज सिंह की सेवा में लगे रहते हैं। जल्द ही हिसाब होगा।” कांग्रेस अध्यक्ष ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सूबे में इस बार का युवाओं और अगली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव है, इसलिए सोच समझकर वोट दें। इस चुनाव से आपकी आने वाली पीढ़ी का भविष्य निर्धारित होगा। पिछली बार के चुनाव में कांग्रेस को जनता का समर्थन मिला था लेकिन छल-बल से सरकार तोड़ कर BJP ने जनादेश का अपमान किया है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार फिर कांग्रेस को समर्थन दें। 

विधानसभा चुनावों को लेकर सूबे में सियासी पारा हाई है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने जनता की लामबंदी शुरू कर दी है। भाजपा शिवराज सरकार की उपलब्धियां गिनाकर जमकर प्रचार प्रसार कर रही है वहीं कांग्रेस भाजपा पर 2018 के जनादेश का अपमान करने का आरोप लगा रही है। कांग्रेस नेता पुलिस और अधिकारियों के सियासी इस्तेमाल का आरोप भी लगा रहे हैं। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को चुनावों तक हवा देने की लगातार कोशिश कर रही है। नए साल की शुरुआत से ही विवादित बयानों का सिलसिला जोर पकड़ रहा है। 

Back to top button