बुलेट पाकर ‘दूल्हे के भाव बढ़े’, फिर मांगी कार, तो लाल जोड़े में थाने पहुंच गई दुल्हन

दूल्हे ने पहले बुलेट मांगी, हां करने पर उसका मन ऐसा बढ़ा कि निकाह के दिन सुबह कार मांग बैठा। लड़की वालों ने कार देने में असमर्थता जताई तो दूल्हे ने बारात लाने से मना कर दिया। कई घंटे इंतजार के बाद लाल जोड़े में सजी दुल्हन मां के साथ एसपी आफिस पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। मामला यूपी के फतेहपुर जिले का है। 
बुलेट पाकर 'दूल्हे के भाव बढ़े', फिर मांगी कार, तो लाल जोड़े में थाने पहुंच गई दुल्हनफतेहपुर शहर के लखनऊ बाईपास के पास रहने वाला परिवार मनिहार का काम करता है। परिवार के मुखिया ने सबसे छोटी बेटी का रिश्ता खखरेरू में तय किया था। दूल्हा भी चूड़ी का कारोबार करता है। दोनों परिवारों ने 11 दिसंबर की तिथि निकाह के लिए तय की। आरोप है कि तीन दिन पहले दूल्हे ने बुलेट बाइक की मांग की। इस पर दुल्हन के पिता ने कर्ज लेकर बुलेट का इंतजाम कर दिया। सोमवार को लड़की वालों ने पीरनपुर स्थित गेस्ट हाउस में बारात के स्वागत के तैयारी शुरू की। लड़की भी लाल जोड़े में सजी सहेलियों के साथ बैठी थी। जनाती भी काफी संख्या में आ पहुंचे। नाश्ता चल रहा था। इसी बीच दुल्हन के पिता के मोबाइल पर दूल्हे का फोन आया। उसने कार का इंतजाम करने को कहा।

रिश्तेदारों ने भी फोन करके मनाने की कोशिश की

दुल्हन के पिता ने असमर्थता जताई तो बारात लाने से इनकार कर दिया। कुछ रिश्तेदारों ने भी फोन करके मनाने की कोशिश की, लेकिन हर प्रयास असफल रहा। जनाती भी परिवार की दुविधा देख लौटने लगे। शाम को दुल्हन व उसकी मां एसपी श्रीपर्णा गांगुली के पास पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने जांच कर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। उधर, कोतवाल सुनील कुमार सिंह का कहना है कि इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button