भगवंत मान की लोकप्रियता पर टिकीं ‘आप’ पार्टी की उम्मीदें, जल्द शुरू होगा पंजाब का दौरा
इसके लिए खास तरह का रूट प्लान बनाया जा रहा है। ताकि वे ज्यादा से ज्यादा इलाके कवर कर सकें। इसमें मान छोटी सभाएं करेंगे और वॉलंटियर्स से मुलाकात करेंगे। पार्टी को उम्मीद है कि मान की भावुक बातों से जो वॉलंटियर खैरा गुट के साथ गए हैं, वे वापस पार्टी की तरफ लौट आएंगे। पंजाब में मान को ही पार्टी का सबसे लोकप्रिय नेता माना जाता है। लोकसभा चुनाव में वह रिकॉर्ड वोटों से जीते थे। तब उनकी नुक्कड़ सभाओं में काफी भीड़ उमड़ती थी। जिनमें वे बादलों के खिलाफ जम कर व्यंग्य कसते थे।
उसके बाद विधानसभा चुनाव में भी वही पार्टी के स्टार कैंपेनर रहे, जिन्होंने तमाम हलकों में जाकर सभाएं कीं। पार्टी के अंदर बड़ी तादाद में वॉलंटियर हैं, जो मान के कट्टर समर्थक हैं। पार्टी की आंतरिक गुटबाजी के लिहाज से मान कभी विवादों में भी नहीं रहे। इसलिए आप को उम्मीद है कि मान का पंजाब दौरा करिश्मा करेगा और वॉलंटियर दोबारा पार्टी से जुड़ेंगे। हालांकि पार्टी भी यह मान कर चल रही है कि इसमें समय लगेगा। इसलिए वह खैरा गुट के खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं करेगी।





