ऐसा रेस्त्रां जहां ट्रेन से सर्व होता है खाना, पटरियों पर चलकर आते हैं कप-प्लेट

पिछले कुछ समय से फ़ूड इंडस्ट्री ने भारी ग्रोथ दिखाई है. सही भी कहा जाता है कि ये एक ऐसा बिजनेस है, जो कभी बंद नहीं हो सकता. लोग खाना कभी बंद नहीं करेंगे और इस तरह ये बिजनेस हमेशा फलता-फूलता रहेगा. लेकिन इतने सारे फ़ूड आउटलेट्स के बीच प्रतियोगिता भी तो लगी रहती है. ऐसे में लोग ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के आइडिया लगाते रहते हैं. हाल ही में बिहार के समस्तीपुर में एकऐसे ही यूनिक आइडिया वाले रेस्त्रां ने काफी चर्चा बटोरी.
जिस यूनिक आइडिया वाले रेस्त्रां की हम बात कर रहे हैं, वहां खाना सर्व करने के लिए कोई भी स्टाफ या वेटर नहीं है. जी हां, इस रेस्त्रां में खाना ऑर्डर करने के बाद आपके टेबल तक ट्रेन से इसे डिलीवर किया जाएगा. खाना खुद रेल की बिछी पटरियों पर चलकर लोगों के पास आता है और फिर वहां से ग्राहक अपनी प्लेट उतारकर खाना सर्व कर लेते हैं. इस मजेदार और यूनिक आइडिया को समस्तीपुर के लोगों के बीच लेकर आया है ट्रेन रेस्त्रां.
बने हैं अलग-अलग जंक्शन
इस यूनिक रेस्त्रां में जैसे ही आप अंदर घुसेंगे, ये बिलकुल अलग ही नजर आएगा. यहां टेबल्स के बीच पतली से पटरियां बनी हुई है. साथ ही अलग-अलग रेलवे जंक्शन के नाम के बोर्ड भी आपको नजर आ जायेंगे. आप अपनी पसंद के स्टेशन पर बैठ जाइये. इसके बाद आपको सिर्फ खाने का ऑर्डर देना है. खाना सीधे किचन से प्लेट में भरकर इन पटरियों के जरिये आपके पास पहुंच जाएगा.
पहुंचने से पहले बजती है सीटी
जब खाना किचन से निकलकर ग्राहकों तक जाता है, तब अपनी मंजिल तक आने से पहले ये सीटी भी बजाता है. इससे पता चल जाता है कि आपका खाना आने वाला है. लोगों को खाना सर्व करने का ये तरीका काफी पसंद आ रहा है. इस वजह से यहां लोगों की भीड़ उमड़ रही वैलेंटाइन वीक में कपल्स इस यूनिक आइडिया का अनुभव करने भी इस रेस्त्रां का रुख कर रहे हैं.





