देश के तक़रीबन सभी राज्यों में ठंड ने दी दस्तक, दिल्ली से यूपी तक लुढ़का पारा..

देश के तक़रीबन सभी राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। देश की राजधानी दिल्ली में तापामन में गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार (21 नवंबर) की सुबह दिल्ली की इस सीजन की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई थी। आज भी दिल्ली में तापमान में गिरावट आएगी। वहीं, राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में भी कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। राजधानी दिल्ली में आज यानी मंगलवार (22 नवंबर) को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है। 

इसके साथ ही, दिल्ली में बढ़ती ठंड के साथ प्रदूषण भी डरा रहा है। दिल्ली की हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। दिल्ली के आनंदविहार स्टेशन पर कल रात साढ़े 9 बजे वायु गुणवत्ता (AQI) 335 दर्ज किया गया, जो कि बहुत खराब श्रेणी में रखा जाता है। वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है। वहीं, सुबह के समय लखनऊ में हल्का कोहरा भी देखने को मिलेगा। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है। 

रिपोर्ट के अनुसार, मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में दिन और रात के तापमान में और कमी आ सकती है। इसके साथ ही, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ता रहेगा और आज सुबह तक कमजोर होकर गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। 

Back to top button