अतीक अहमद की कुर्क संपत्ति पर बना मकान, मामला जानकर सभी हैरान

भू-माफियाओं का नया कारनामा देखिए। पूर्व सांसद अतीक अहमद की कुर्क संपत्तियों को बेच दिया। करेली में कुर्क की गई संपत्ति पर कुछ लोगों ने मकान बनवा लिया है। कुर्की की नोटिस बोर्ड को उखाड़कर फेंक दिया। अब सवाल यह है कि मकान बनवाने की अनुमति किसने दे दी। कुर्क संपत्ति की रजिस्ट्री कैसे हो गई। पीडीए से कैसे नक्शा पास हो गया। इन सवालों का जवाब मिलना अभी बाकी है।

20 करोड़ की संपत्ति हुई थी कुर्क

पुलिस रिकार्ड के मुताबिक पूर्व सांसद अतीक अहमद की करेली के एनुद्दीनपुर में अवैध अर्जित की गई संपत्तियों का पता चला था। तत्कालीन जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी के निर्देश पर करेली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। 24 जनवरी 2021 को करेली पुलिस ने करेली के एनुद्दीनपुर में अतीक की लगभग 12 बीघा जमीन को कुर्क किया। इसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने वहां पर मुनादी भी कराया गया था। ढोल बजाकर लोगों को बताया गया गया था कि ये प्रॉपर्टी अतीक अहमद की अब नहीं है। इसे कुर्क कर लिया गया है। ये प्रॉपर्टी छोटे-छोटे टुकड़ों में थी। कुल 18 प्रॉपर्टी पर कुर्की की कार्रवाई की गई थी।  

राजस्व विभाग पर भी उठे सवाल

इस कुर्की के डेढ़ साल बाद पता चला कि वहां पर भू माफियाओं ने बड़ा खेल कर दिया है। अतीक की गैंगस्टर एक्ट में कुर्क की गई संपत्तियों को बेच दिया गया है। कम दामों में बेचने पर कुछ लोगों ने उसे खरीद लिया और मकान बनवा लिया। सवाल यह है कि डेढ़ साल से करेली पुलिस ने वहां पर जांच क्यों नहीं की। आखिर कुर्क संपत्ति को कैसे बेच दिया गया। अगर लोगों ने कुर्की से पहले जमीन खरीदी थी तब भी उस पर मकान कैसे बन गया। इस फर्जीवाड़ा करने के पीछे कौन लोग है, यह पता नहीं चला। अतीक के गुर्गों ने बेच दिया या फिर भू-माफिया ने खेल किया।  

12 दिन में 100 करोड़ की संपत्ति कुर्क

अगस्त 2022 में पुलिस ने अतीक अहमद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 12 दिन में अतीक और उनकी पत्नी शाइस्ता परवीन के नाम से मिली 100 करोड़ की संपत्ति कुर्क किया है। ये प्रॉपर्टी धूमनगंज से लेकर कौशाम्बी बार्डर पर मिली थी।

दिलीप मिश्र के कुर्क स्कूल में ले लिया था दाखिला  

हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्र के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2020 में लवायन कला स्थित माया देवी शिक्षण संस्थान को कुर्क किया था। कुछ दिन पहले पुलिस को पता चला कि इसी स्कूल के नाम से बच्चों का एडमिशन लिया जा रहा है। इसकी जानकारी होने पर औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस ने ठगी करने के आरोप में दिलीप की पत्नी और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

Back to top button