पाकिस्तान में हुआ बड़ा हादसा, घाटी में बस गिरने से 27 की मौत 69 घायल

पाकिस्तान में एक बड़ी सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें काफी लोगों की जान चली गई है। ये सड़क हादसा पंजाब प्रांत में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बस घाटी में पलट गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में कम से कम 27 लोग मारे गए और 69 अन्य घायल हैं।
यात्रियों से खचाखच भरी थी बस
यह बस कोहट से रायविंड जा रही थी और उसमें 100 से अधिक यात्री सवार थे। यह घटना कल रात कल्लर कहार नगर में हुई। सदर पुलिस थाने के प्रभारी मुहम्मद अफजल ने बताया, ‘यात्री, सालाना आयोजित होने वाली धार्मिक सभा में शामिल होने के लिए रायविंड जा रहे थे।’ खबर के मुताबिक 13 घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें रावलपिंडी ले जाया गया जबकि कई घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इसे भी पढ़े: चीन ने ट्रम्प के आने से पहले रातों रात कर डाला ये बड़ा कारनामा, हटा दिया…
ड्राइवर ने बदला था रास्ता
बस को इस्लामाबाद-लाहौर मोटरवे के रास्ते रायविंड जाना था, लेकिन इसके ड्राइवर ने दूसरा मार्ग लिया। अफजल ने बताया, ‘धुंध के कारण मोटरवे को रात 10 बजे के बाद बंद कर दिया जाता है और निर्धारित संख्या से अधिक यात्रियों को ले जाने वाली बसों पर जुर्माना लगाया जाता है, इसी कारण से चालक ने ग्रांड ट्रंक रोड से जाने का विकल्प चुना।’ उन्होंने बताया, ‘चालक इस इलाके से परिचित नहीं था और वह तेज गति से बस चला रहा था। एक ढलान से गुजरने के दौरान बस घाटी में गिर गई।’
पंजाब के मुख्यमंत्री ने जताया शोक
पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने मृतकों के प्रति शोक जताया है और घटना की एक रिपोर्ट मांगी है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना में घायल हुए लोगों को फौरन चिकित्सकीय इलाज और राहत मुहैया कराने का आदेश दिया है।





