रात में कार लेकर भागी 103 साल की महिला, रास्ते में हुआ कुछ ऐसा…!

ओवर स्पीड वाहन चलाना पूरी दुनिया में अपराध है. बिना लाइसेंस गाड़ी चलाते पकड़े गए तो भी जुर्माना तय है. लेकिन इटली में गजब का वाकया हुआ. 103 साल की एक महिला आधी रात कार लेकर सड़क पर निकल पड़ी. स्पीड इतनी तेज थी कि राह चलते लोगों ने खतरनाक ड्राइविंंग बताते हुए पुलिस को फोन किया. पुलिसवालों ने पीछा किया. और जब रोका, तो हकीकत जानकर दंग रह गए.
द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस महिला के पास एक्सपायर लाइसेंस था. चूंकि इस उम्र में उसका लाइसेंस नहीं बन सकता था, क्योंकि फिजिकल फिटनेस बाधा बन रही थी, इसलिए यह महिला इसी लाइसेंस को लेकर चल रही थी.अधिकारियों ने बताया कि उन्हें लगभग 1 बजे एक फोन आया, बताया गया कि फेराराशहर में एक शख्स खतरनाक तरीके से कार चला रहा है. उसकी स्पीड इतनी ज्यादा है कि कभी भी हादसा हो सकता है. इसके बाद पुलिस उस कार के पीछे लग गई.
जब पुलिसवालों ने कार को रोका…
उत्तरी एमिलिया रोमाग्ना क्षेत्र में जब पुलिसवालों ने कार को रोका, तो उसमें से जो ड्राइवर निकला उसे देखकर दंग रह गए. यह एक बुजुर्ग महिला थी. जिसकी उम्र 103 साल थी. उम्र देखकर अफसरों को शक हुआ. जब उन्होंने ड्राइविंंग लाइसेंस देखा तो वह वर्षों पहले एक्सपायर हो चुका था. गियोस नाम की इस महिला का जन्म 1920 में हुआ था. उसने बताया कि वह दोस्तों से मिलने के लिए बोंडेनो शहर जा रही थी. लेकिन रात की वजह से रास्ता भटक गई.
हर उम्र वालों को दिया जाता लाइसेंस
इटली में 80 से अधिक उम्र के ड्राइवरों को लाइसेंस दिया जाता है, लेकिन इसके लिए उन्हें हर दो साल पर मेडिकल परीक्षण से गुजरना होता है. इस महिला ने इसके लिए कोशिश नहीं की थी. इसलिए अफसरों ने महिला पर भारी जुर्माना लगाया. अब महिला का कहना है कि वह अपने लिए वेस्पा खरीदेंगी, ताकि दोस्तों से मिलने के लिए जा सकें. इटली में वेस्पा एक साइकिल है, जिसके लिए लाइसेंस लेने की कोई जरूरत नहीं है. उधर, फेरारा के मेयर एलन फैब्री ने महिला की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि महिला ने इस उम्र में भी जो जज्बा दिखाया है, उसकी सराहना की जानी चाहिए. मैं उन्हें जुर्माने के बजाय एक मेडल देना पसंद करूंगा. ऐसी आंतरिक शक्ति होना आम बात नहीं. इससे मुझे अपने बुढ़ापे के लिए आशा मिलती है.





