10 साल की बच्ची को उसके कलयुगी पिता ने नशे की हालत में डंडे से पीट-पीट कर मार डाला…

असम के सिलचर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 10 साल की बच्ची को उसके कलयुगी पिता ने नशे की हालत में डंडे से पीट-पीट कर मार डाला। अधिकारियों ने कहा कि 42 वर्षीय आरोपी ने घटना के बाद भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल रही। घटना काकोटीबाड़ी थाना अंतर्गत तिमोन चाय बागान में बुधवार देर रात की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि छोटी बच्ची को उसके पिता द्वारा डंडे से तब तक मारा गया, जब उसकी मौत नहीं हो गई।

सिलचर में एक कलयुगी पिता ने अपनी 10 साल की मासूम बच्ची को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। बताया जा रहा है पारिवारिक झगड़े के बाद उसने ऐसा किया। फिलहाल पुलिस आरोपी पिता को गिरफ्तार कर चुकी है। तिमोन चाय बागान के एक स्थानीय ने बताया “उस घर में घरेलू हिंसा कोई नई बात नहीं है, वह आदमी अपनी पत्नी को रोज मारता था। लेकिन बुधवार की रात उसने नशे की हालत में अपनी बेटी पर हमला किया और उसे तब तक मारता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। वह मदद के लिए चिल्लाती रही लेकिन जब तक पड़ोसी पहुंचे, देर हो चुकी थी।”
पुलिस ने कहा कि उन्हें हत्या की सूचना मिली और एक टीम चाय बागान के लिए रवाना हुई। एक अधिकारी ने कहा, “हमारी टीम ने शव बरामद किया और आरोपी को पास के इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।” चराइदेव जिले के पुलिस अधीक्षक युवराज ने एचटी को बताया कि शुरुआती जांच में उन्होंने पाया कि यह घरेलू हिंसा का मामला है, हालांकि मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, “मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हम उससे पूछताछ कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि यह घरेलू हिंसा का नतीजा है, लेकिन हम जांच पूरी किए बिना किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकते।” शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।





