रूस-यूक्रेन के बीच होगा ‘सीजफायर’? तुर्किए में शांति वार्ता आज; राष्ट्रपति पुतिन ने बैठक से बनाई दूरी

दुनिया की निगाह आज होने वाली रूस-यूक्रेन वार्ता पर हैं क्योंकि तुर्किए में रूस और यूक्रेन के बीच पिछले तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से वार्ता होने जा रही है। टास की रिपोर्ट के मुताबिक इस वार्ता से पुतिन दूर रहेंगे। वहीं, रूस-यूक्रेन वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडल की घोषणा की जा चुकी है।

पुतिन ने वार्ता में शामिल होने जा रहे अधिकारियों की घोषणा की
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन अधिकारियों के नामों की घोषणा की है जो आज तुर्किए में होने वाली यूक्रेन के साथ नए सिरे से वार्ता में रूस का प्रतिनिधित्व करेंगे।

क्रेमलिन के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, जिसमें उप विदेश मंत्री मिखाइल गालुजिन, उप रक्षा मंत्री अलेक्जेंडर फोमिन और इगोर कोस्ट्युकोव शामिल होंगे, जो रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के मुख्य निदेशालय के प्रमुख हैं।


वार्ता में ये लोग भी रहेंगे मौजूद

पुतिन ने वार्ता का समर्थन करने के लिए विशेषज्ञों के एक समूह को भी नामित किया है। इनमें जनरल स्टाफ के सूचना विभाग के प्रथम उप प्रमुख अलेक्जेंडर जोरिन, मानवीय नीति के लिए राष्ट्रपति निदेशालय की उप प्रमुख येलेना पोडोब्रेयेव्स्काया, विदेश मंत्रालय में दूसरे सीआईएस विभाग के निदेशक एलेक्सी पोलिशचुक और रक्षा मंत्रालय के अंतर्राष्ट्रीय सैन्य सहयोग निदेशालय के उप प्रमुख विक्टर शेवत्सोव शामिल हैं।

इस्तांबुल में होने जा रही है रूस-यूक्रेन के बीच चर्चा
क्रेमलिन के सहायक यूरी उशाकोव ने पुष्टि की कि यूक्रेन के साथ चर्चा गुरुवार को इस्तांबुल में फिर से शुरू होगी। टास के अनुसार, इस्तांबुल जाने वाले रूसी प्रतिनिधिमंडल की योजना तकनीकी और राजनीतिक दोनों मुद्दों पर चर्चा करने की है।

पुतिन ने दिया था यूक्रेन को वार्ता का निमंत्रण
राष्ट्रपति पुतिन ने औपचारिक रूप से यूक्रेन को 11 मई को सीधी बातचीत फिर से शुरू करने के लिए बिना शर्त निमंत्रण दिया।

इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन अपने अगले कदम तय करने से पहले इस बात पर बारीकी से नजर रख रहा है कि रूस तुर्किए में होने वाली आगामी वार्ता में किसे भेजता है। जेलेंस्की ने रूस के इरादों पर भी संदेह व्यक्त किया और मॉस्को से हाल ही में मिले संकेतों को अविश्वसनीय बताया।

जेलेंस्की ने पुतिन से आमने-सामने मिलने की इच्छा जताई
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी गुरुवार (15 मई) को होने वाली वार्ता में अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से आमने-सामने बात करने की इच्छा जाहिर की है। लेकिन, जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोडोल्याक ने दो टूक कहा है कि वह वार्ता में तभी भाग लेंगे, जब पुतिन भी वहां होंगे और वह पुतिन के अलावा किसी अन्य रूसी प्रतिनिधि से नहीं मिलेंगे।

Back to top button