रोडवेज को मिलीं 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें, सीएम भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

राजस्थान रोडवेज को 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आधुनिक तकनीक से लैस इन बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTS), पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और एलईडी डिस्प्ले जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन बसों का संचालन प्रदेश के 22 डिपो से किया जाएगा।

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में रविवार को 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें शामिल हो गईं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल पहुंचकर पूजा-अर्चना के बाद इन बसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न डिपो के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, रोडवेज और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

नई बसों को प्रदेश के 22 डिपो को आवंटित किया गया है। इनके संचालन से विभिन्न जिलों के बीच बस सेवाओं का विस्तार होगा और यात्रियों को कम किराए में बेहतर, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही कई प्रमुख रूटों पर बसों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

आधुनिक तकनीक से लैस हैं नई बसें
रोडवेज की नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें BS-VI मानक के इंजन से लैस हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, एलईडी गंतव्य डिस्प्ले बोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट (ECU) और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTS) लगाया गया है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में पैनिक बटन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से हर बस में दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

सुरक्षित और आरामदायक सफर पर जोर
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, नई बसों के संचालन का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और तकनीक आधारित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। VLTS के माध्यम से बसों की रियल-टाइम निगरानी की जा सकेगी, जबकि पैनिक बटन के जरिए आपात स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और यात्री सुविधाओं के अनुरूप बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई बसों के शामिल होने से प्रदेश के विभिन्न जिलों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण यात्रा सुविधा मिलेगी।

Back to top button