नीट पेपर लीक पर सीएम मान का बयान: पहले भी लीक हुआ है एग्जाम, ये केंद्र की असफलता

सीएम भगवंत मान ने पंजाब के 882 छात्रों को नीट परीक्षा पास करने पर जीरकपुर में सम्मानित किया। उन्होंने इस दौरान नीट पेपर लीक को लेकर प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा यह पहली बार नहीं है जब नीट का पेपर लीक हुआ है। पिछले कुछ वर्षों से लगातार नीट का पेपर लीक हो रहा है। उन्होंने कहा ये केंद्र सरकार की असफलता है। सीएम मान ने कहा कि साढ़े चार साल में पंजाब में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
सीएम मान ने कहा केवल दो बार नकल की शिकायत आई थी। 10 मिनट पेपर शुरू होने के बाद नकल करने व करवाने वाले लोग पकड़े गए हैं। कुल 21 लोगों को पकड़ा गया है। सीएम मान ने कहा पंजाब शिक्षा में 27वें नंबर पर था जब हमारी सरकार ने काम करना शुरू किया तो अब नंबर 1 पर आ गया। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सीएम मान ने कहा जेन-जी ने केंद्र की हठी सरकार को झुका दिया है।
पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज मैं उन बच्चों के बीच खड़ा हूं जिन्होंने नीट परीक्षा पास की और कल मैं उन बच्चों के बीच खड़ा था जिन्होंने नीट पेपर लीकर करने वालों को निपटा दिया।
शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि मेरे काम को सिर्फ आप बच्चे जज कर सकते हो। नीट के कितने बच्चों ने परीक्षा पास की कोई डाटा नहीं है। पहले 80 बच्चे जहां नीट परीक्षा उत्तीर्ण करते थे लेकिन आज 800 बच्चे परीक्षा उत्तीर्ण कर रहे हैं। अकाली दल का 10 साल का राज रहा है। पंजाब पर उड़ता पंजाब फिल्म बनी। हमारी सरकार में नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार हम शिक्षा में पहले नंबर आ गए हैं। हमने शिक्षा में केरल को पीछे छोड़ दिया है।





