बाजार जैसी गाढ़ी और मलाईदार ‘फिरनी’ अब घर पर बनाना हुआ आसान

भारत में आपको एक से बढ़कर एक मिठाइयों का स्वाद चखने मिल जाएगा, लेकिन उत्तर भारत की फिरनी की बात ही कुछ और है। आमतौर पर इसे त्योहारों और शादियों में बनाया जाता है, लेकिन आप इसे घर पर आम दिनों में भी काफी आसानी से बना सकते हैं।
चावल, दूध और चीनी से बनने वाली ये स्वीट डिश खाने में बेहद स्वादिष्ट और हल्की होती है। इसे आमतौर पर मिट्टी के कुल्हड़ में ठंडा करके परोसा जाता है, जिसकी इसकी महक और मजेदार हो जाती है। आइए जानें घर पर बाजार जैसी गाढ़ी, मलाईदार और क्रीमी फिरनी बनाने की आसान रेसिपी।
फिरनी रेसिपी बनाने के लिए सामग्री:
फुल क्रीम दूध- 1 लीटर
बासमती चावल- 4 बड़े चम्मच
चीनी- 1/2 कप
इलायची पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
केसर के धागे- 10-12
कटे हुए ड्राई फ्रूट्स- 2 बड़े चम्मच
गुलाब जल या केवड़ा जल- 1 छोटा चम्मच
फिरनी रेसिपी बनाने की विधि:
सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धोकर लगभग 20 से 30 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रख दें।
इसके बाद पानी छान लें और चावल को थोड़ा सुखा लें। अब चावल को मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रहे कि चावल का बारीक पाउडर या पेस्ट नहीं बनाना है।
अब एक भारी तले की कड़ाही या पतीले में एक लीटर फुल क्रीम दूध डालें और मध्यम आंच पर दूध में एक उबाल आने दें।
उबाल आने के बाद आंच को धीमा कर दें और थोड़ा-सा गर्म दूध निकालकर केसर वाले कटोरे में मिला दें।
अब पिसे हुए दरदरे चावल को उबलते हुए दूध में धीरे-धीरे डालें। चावल डालते समय दूध को लगातार चलाते रहें ताकि कड़ाही के तले में गांठें न बनें।
अब धीमी आंच पर मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक कि चावल पूरी तरह से गल न जाएं और दूध गाढ़ा न होने लगे।
जब चावल पक जाएं और मिश्रण रबड़ी जैसा दिखने लगे, तब इसमें चीनी और भीगा हुआ केसर का दूध मिला दें।
अब चीनी घुलने तक इसे 3-4 मिनट और पकाएं और इसके बाद इलायची पाउडर, कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और गुलाब जल मिलाकर गैस बंद कर दें।
फिरनी का असली मजा इसे ठंडा करके खाने में आता है। इसलिए इसे ठंडा होने दें, फिर एक कुल्हड़ में निकालें और बादाम-पिस्ता से गार्निश करके सर्व करें।





