गुलाबी नगरी को बड़ी सौगात, आज जयपुर मेट्रो फेज-2 का सीएम करेंगे भूमि पूजन

जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (JMRC) 22 जुलाई 2026 को मेट्रो फेज-2 (प्रहलादपुरा से टोडी मोड़) परियोजना का भूमि पूजन करेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुभारंभ करेंगे।

जयपुर शहर के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (JMRC) बुधवार, 22 जुलाई 2026 को मेट्रो फेज-2 परियोजना (प्रहलादपुरा से टोडी मोड़) का भूमि पूजन किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुभारंभ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11:30 बजे सीतापुरा स्थित मेट्रो यार्ड, बम्बाला पुलिया के पास किया जाएगा।

परियोजना से ट्रैफिक दबाव होगा कम
जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना को राजधानी के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के विभिन्न प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। साथ ही, शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और प्रदूषण नियंत्रण में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित
भूमि पूजन एवं शिलापूजन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मानसरोवर मेट्रो स्टेशन से छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस मेट्रो यात्रा के माध्यम से राज्य सरकार राजधानी में आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने का संदेश देगी। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।

मेट्रो फेज-2 का विस्तार होगा
जयपुर मेट्रो का पहला चरण पहले से ही शहरवासियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करा रहा है। अब फेज-2 परियोजना के शुरू होने से मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा और अधिक क्षेत्रों को इससे जोड़ा जा सकेगा। इससे यात्रियों को निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा तथा शहर में यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

राज्य सरकार का मानना है कि यह परियोजना केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके माध्यम से आर्थिक गतिविधियों, निवेश, रोजगार और शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से राजधानी जयपुर के समग्र विकास को बल मिलेगा और भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत आधार तैयार होगा।

Back to top button