पीएम मोदी ने यूके का प्रधानमंत्री बनने पर एंडी बर्नहम को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूके के नए नवेले प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम को बधाई दी और कहा कि भारत और ब्रिटेन के संबंध और गहरे होंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर इस संबंध में पोस्ट किया।
पीएम मोदी ने लिखा, ‘यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री का पद संभालने पर श्री एंडी बर्नहम को हार्दिक बधाई। भारत और यूके साझा लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े हैं और व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी, रक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे कई क्षेत्रों में व्यापक सहयोग करते हैं।’
बर्नहम ने सोमवार को संभाला पदभार
पीएम ने आगे लिखा, ‘इस महीने CETA के लागू होने के साथ हमारी द्विपक्षीय साझेदारी और भी मजबूत होने वाली है। मैं भारत-यूके व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने और हमारे साझा विजन 2035 को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हूं।’
किंग ऑफ द नॉर्थ नाम से मशहूर बर्नहम ने सोमवार को नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला। पिछले एक दशक में ब्रिटेन के सातवें प्रधानमंत्री बने बर्नहम ने देश में अस्थिरता का दौर खत्म करने और स्थिर व जिम्मेदार राजनीति देने का वादा किया है।
ट्रंप ने भी किया फोन
बर्नहम ने देश के पूर्व रक्षा मंत्री जान हीली को नए वित्त मंत्री के रूप नामित किया है। जबकि बर्नहम ने पदभार संभालने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की। उनके कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ट्रंप को रक्षा और पश्चिम एशिया के मामले में समर्थन का भरोसा दिया है।
स्टार्मर के पद छोड़ने की घोषणा के बाद बर्नहम प्रबल दावेदार के रूप में उभरे थे। वह ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर रहे और पिछले महीने एक सीट के लिए कराए गए उपचुनाव को जीतकर संसद पहुंचे।
स्टार्मर ने पिछले महीने छोड़ा था पद
63 वर्षीय स्टार्मर ने पिछले महीने पद छोड़ने की घोषणा की थी। स्टार्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी ने 14 वर्ष बाद 2024 में देश की सत्ता में वापसी की थी, लेकिन बाद में उनकी लोकप्रियता में कमी आने लगी।
अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन मामले में ब्रिटेन के पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन का नाम आने और फिर देश के स्थानीय चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद स्टार्मर की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठने लगे थे।





