हिमाचल से आने वाले वाहनों पर लगेगा टैक्स: रोपड़ जिला परिषद में प्रस्ताव पारित

रोपड़ जिला परिषद ने हिमाचल प्रदेश से पंजाब आने वाले वाहनों पर टोल टैक्स लगाने का निर्णय लिया है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह टैक्स लागू किया जा सकेगा।

रोपड़ जिला परिषद ने पंजाब में हिमाचल प्रदेश से आने वाले वाहनों पर टोल टैक्स लगाने का प्रस्ताव पारित किया है। मिनी सचिवालय में जिला परिषद की पहली बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि जिले के सड़क ढांचे को मजबूत करने के लिए हिमाचल प्रदेश से आने वाले वाहनों पर टोल टैक्स लगाया जाए।

क्षेत्र के विधायक दिनेश चड्ढा ने बताया पंचायती राज अधिनियम की धारा-189 का उपयोग करते हुए यह प्रस्ताव पारित किया गया है। यह टैक्स रोपड़ जिले से लगती हिमाचल प्रदेश की सीमाओं पर लगाया जाएगा और इसे रोड इंफ्रास्ट्रक्चर टैक्स नाम दिया गया है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा लगाए गए एंट्री टैक्स को लेकर पहले से ही बड़ा विवाद चल रहा है।

पंजाब सहित अन्य राज्यों से हिमाचल प्रदेश जाने वाले लोग इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे में अब रोपड़ जिला परिषद ने हिमाचल प्रदेश से पंजाब आने वाले वाहनों पर टोल टैक्स लगाने का निर्णय लिया है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह टैक्स लागू किया जा सकेगा। इससे पहले भी नंगल नगर परिषद ने इसी प्रकार का एक प्रस्ताव पारित किया था, लेकिन वह अब तक कानून का रूप नहीं ले सका है।

इसके अलावा, निहंग सिंह संगठनों द्वारा खालसा टैक्स के नाम पर भी वाहनों से वसूली की गई थी, जिसे लेकर भी विवाद हुआ था। इस संबंध में सरकार को एक मसौदा (ड्राफ्ट) भी सौंपा गया था, लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।

Back to top button