राधाकिशन दमानी की कंपनी के आ गए तिमाही नतीजे, रेवेन्यू और मूनाफे में जोरदार उछाल

दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी की कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड (Avenue Supermarts Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इसी कंपनी के तहत रिटेल चेन DMart का संचालन किया जाता है।
कंपनी द्वारा स्टॉक एक्सचेंज (BSE और NSE) को दी गई आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, 30 जून 2026 को समाप्त हुई तिमाही में कंपनी के मुनाफे और राजस्व (Revenue) में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मुनाफे और रेवेन्यू में जोरदार उछाल
रिपोर्ट के मुताबिक, स्टैंडअलोन आधार पर राधाकिशन दमानी की कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स का शुद्ध लाभ (Net Profit) पिछले साल की इसी तिमाही के 829.73 करोड़ रुपये से बढ़कर 935.77 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, कंपनी का कुल राजस्व भी 15,932.12 करोड़ रुपये से बढ़कर 18,343.49 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
| राधाकिशन दमानी के कंपनी तिमाही नतीजे | |||
| विवरण (Particulars) | Q1 (30 जून, 2026) | Q1 (30 जून, 2025) | वृद्धि (YoY) |
| कुल आय (Total Income) | ₹18,381.25 करोड़ | ₹15,966.25 करोड़ | ~15.1% |
| शुद्ध लाभ (Net Profit) | ₹935.77 करोड़ | ₹829.73 करोड़ | ~12.8% |
| कुल खर्च (Total Expenses) | ₹17,129.25 करोड़ | ₹14,855.00 करोड़ | ~15.3% |
| EPS (Earnings Per Share) | ₹14.35 | ₹12.75 | 12.50% |
₹1,000 करोड़ का फंड जुटाएगी कंपनी
बोर्ड मीटिंग में कंपनी ने विस्तार योजनाओं के लिए फंड जुटाने का भी बड़ा फैसला लिया है। एवेन्यू सुपरमार्ट्स प्राइवेट प्लेसमेंट के आधार पर नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) जारी करके 1,000 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। यह राशि एक या एक से अधिक किस्तों में जुटाई जा सकती है।
मैनेजमेंट में बड़े बदलाव: ललित आहूजा बने नए COO
कंपनी ने अपने नेतृत्व ढांचे में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं:
ललित आहूजा: इन्हें 13 जुलाई, 2026 से कंपनी का नया ‘चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर’ (COO) नियुक्त किया गया है। ललित आहूजा के पास फिलिप्स, डाबर और एप्पल जैसी दिग्गज कंपनियों में काम करने का 28 वर्षों का अनुभव है।
भास्करन एन: बोर्ड ने भास्करन एन को फिर से होल-टाइम डायरेक्टर और COO के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी है। उनका नया कार्यकाल 17 अक्टूबर, 2026 से 31 मई, 2028 तक होगा।
परवेज वांद्रेवाला: वर्तमान COO परवेज वांद्रेवाला की भूमिका में बदलाव किया गया है। अब वे 1 नवंबर, 2026 से ‘हेड – सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रमोटर ग्रुप में बदलाव
कंपनी ने जानकारी दी है कि विजय शंकर चांडक के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें ‘प्रमोटर ग्रुप’ श्रेणी से हटाकर ‘पब्लिक’ श्रेणी में शामिल करने की मंजूरी दे दी गई है।





