अमरनाथ यात्रा: श्रद्धालुओं का नौवां जत्था जम्मू से रवाना

जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से शनिवार को नौवां जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रा के लिए पहलगाम और बालटाल मार्गों पर रवाना हुआ।

हर हर महादेव और बम बम भोले के जयघोष के साथ शनिवार तड़के जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास आधार शिविर से श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का नौवां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कश्मीर के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं में बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर खासा उत्साह है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस जत्थे में 8,796 श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें 5,346 श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग व 3,450 श्रद्धालु बालटाल मार्ग से रवाना होंगे। जत्थे में 6,046 पुरुष, 2,042 महिलाएं, 10 बच्चे, 228 साधु, 56 साध्वियां, एक ट्रांसजेंडर और 33 विदेशी श्रद्धालु शामिल हैं।

भगवती नगर यात्री निवास में शुक्रवार तड़के से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल शुरू हो गई। सुरक्षा जांच, पहचान सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आठवें जत्थे के श्रद्धालुओं को वाहनों में कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया।

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए यात्रा की सफल व सुरक्षित पूर्णता की कामना की। लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से भगवती नगर आधार शिविर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है।

Back to top button