लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त जारी, सीएम सैनी ने महिला लाभार्थियों के खातों में भेजे 209 करोड़ 69 लाख

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित लाभ वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए विभिन्न योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के खातों में 1121 करोड़ 39 लाख रुपये की राशि खातों में डाली गई है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त भी जारी कर दी गई है। इसके तहत 9 लाख 98 हजार बहनों और बेटियों के खातों में 209 करोड़ 69 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। अब तक इस योजना के तहत 9 किस्तों में कुल 1832 करोड़ 69 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं।मुख्यमंत्री ने कहा भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किया जा रहा है। ये भुगतान हमारी पारदर्शिता और सुशासन का प्रतीक है।
गैस सब्सिडी से लेकर आवास योजना तक करोड़ों रुपये जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि दयालु योजना के तहत 3295 परिवारों को 125 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अब तक इस योजना के तहत 77 हजार 330 परिवारों को 2918 करोड़ 42 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 5 लाख 16 हजार बहनों के बैंक खातों में मई माह की 18 करोड़ 97 लाख रुपए की सब्सिडी भी डाली। अब तक 14 लाख 43 हजार पात्र महिलाओं को 320 करोड़ 97 लाख रुपये की सब्सिडी का लाभ मिल चुका है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 20 हजार 165 लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए 107 करोड़ रुपये जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना के तहत 827 करोड़ 22 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। प्रदेश में 76 हजार 466 मकानों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें 41 हजार 260 मकान बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 35 हजार 206 मकानों का निर्माण कार्य जारी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज विभिन्न 19 योजनाओं के तहत 50 लाख 20 हजार 460 लाभार्थियों के बैंक खातों में 1582 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है।





