अरब सागर में लापता पाकिस्तानी कार्गो विमान का मलबा मिला

पाकिस्तान के एक बोइंग कार्गो विमान का मलबा मिल गया है। 27 साल पुराना यह विमान मंगलवार को शारजाह से कराची आने के दौरान अरब सागर के ऊपर रडार से गायब हो गया था। विमान में सवार पांच सदस्यीय चालक दल की तलाश चल रही है। विमान का मलबा ओरमारा बंदरगाह से 53 नाटिकल मील दक्षिण में मिला।
इससे पहले अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि कार्गो विमान कराची से लगभग 300 किलोमीटर पश्चिम में अरब सागर के ऊपर रडार की पहुंच से गायब हुआ था।
संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहे के2 एयरवेज के विमान ने नेविगेशन सिस्टम में गड़बड़ी की सूचना दी थी और इसके बाद मंगलवार रात रडार से गायब हो गया।
पाकिस्तानी एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय किया गया है और विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से समुद्र में खोज अभियान शुरू किया गया है। कराची स्थित के2 एयरवेज एक प्राइवेट एयरलाइन है।





