घर के मुख्य द्वार पर भगवान की तस्वीर लगाना कितना शुभ है?

अक्सर देखा जाता है कि लोग घर का वास्तु ठीक रखने के लिए मुख्य द्वार पर भगवान की तस्वीर या मूर्ति लगाते हैं।

लोग ऐसा मानते हैं कि इससे कोई भी नकारात्मक ऊर्जा मुख्य द्वार से घर के भीतर प्रवेश नहीं करेगी, लेकिन क्या वास्तु शास्त्र के अनुसार ऐसा करना ठीक है?

दरअसल मुख्य द्वार पर ईश्वर की तस्वीर स्थापित करने से कुछ नकारात्मक प्रभाव पड़ सकते हैं और ऐसा करना वास्तु के अनुकूल नहीं माना जाता है।

कई बार घर के बाहर की ऊर्जा नकारात्मक भी हो सकती है जिसका प्रभाव सीधे देवी देवताओं की तस्वीर पर पड़ सकता है और यह वास्तु दोष का कारण भी बन सकता है। आइए आपको बताते हैं मुख्य द्वार पर भगवान की तस्वीर न लगाने के पीछे के वास्तु कारणों के बारे में।

मुख्य द्वार पर भगवान की तस्वीर लगाना सही है?
यदि आप वास्तु की मानें तो भूलकर भी मुख्य द्वार पर देवी-देवताओं की तस्वीर नहीं लगानी चाहिए। ऐसा करना ईश्वर का अपमान करने के समान होता है।

कई बार हम मुख्य द्वार के ऐसे स्थान पर भगवान का चित्र स्थापित कर देते हैं जहां पूरे दिन तेज धूप और भारी बारिश का प्रभाव बना रहता है। जब हम स्वयं तेज धूप में नहीं बैठ सकते हैं, तो भगवान को भी ऐसे स्थान पर स्थापित नहीं करना चाहिए। यदि आप भी ऐसा करते हैं तो आपके घर में वास्तु दोष लग सकता है और किसी भी प्रकार की नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव तुरंत हो सकता है। हालांकि, आप इसकी स्थान पर मुख्य द्वार पर स्वास्तिक या ॐ जैसे चिह्न बना सकते हैं, इससे ऊर्जा संतुलित बनी रहती है।

ईश्वर का सही स्थान घर का मंदिर है
घर के मुख्य द्वार पर कई बार गंदगी होती है और लोग जूते चप्पल उतार देते हैं। इस वजह से उसी स्थान पर लगी हुई भगवान की तस्वीर का अपमान होता है।

वास्तु के अनुसार ईश्वर की तस्वीर या मूर्ति लगाने के लिए सबसे अच्छा स्थान घर का मंदिर माना जाता है। यदि आप घर के मंदिर को ईशान कोण में स्थापित करके उसी स्थान पर सभी तस्वीरों और मूर्तियों को रखती हैं तो उससे पूरे घर में सकरात्मक ऊर्जा फैलती है और कोई भी वास्तु दोष दूर हो सकता है। कोशिश करें कि आप इसी स्थान पर हमेशा ईश्वर की स्थापना और पूजा करें।

मुख्य द्वार पर गणेश जी की तस्वीर लगाने से क्या होता है?
कई लोग मुख्य द्वार पर विघ्नहर्ता गणपति को स्थापित करते हैं, लेकिन वास्तु में ऐसा कहा जाता है कि गणपति की पीठ की तरफ पाताल लोक होता है और जब आप उनकी तस्वीर को मुख्य द्वार पर लगाते हैं तो सभी तरह की नकारात्मक ऊर्जाओं का प्रवेश घर के भीतर होने लगता है। इसी वजह से आपको कभी भी भगवान गणेश को मुख्य द्वार पर नहीं लगाना चाहिए।

अगर आपके घर में भी मुख्य द्वार पर किसी भी देवी या देवता की तस्वीर लगी है, तो आपको उसे तुरंत हटा देना चाहिए और सम्मानपूर्वक उन्हें मंदिर में स्थापित करना चाहिए जिससे कोई वास्तु दोष न लगे।

Back to top button