यौन शोषण मामले में दोषी पाए गए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर एरॉन समर्स

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर एरॉन समर्स ने क्रिकेट जगत को शर्मसार किया है। समर्स को 2018 में तस्मानिया में हुई एक घटना से जुड़े बाल यौन शोषण के अपराध में दोषी पाया गया है। ऐसे में अब उन्‍हें जेल हो सकती है।

30 साल के समर्स घरेलू क्रिकेट में होबार्ट हरिकेंस और तस्मानिया के लिए खेल चुके हैं। उन्‍होंने जून के आखिर में अपना पक्ष बदला और बच्चे के साथ यौन शोषण के दो मामलों और बच्चे को अश्लील सामग्री दिखाने के इरादे से उसे बहलाने-फुसलाने के एक मामले में अपना गुनाह कबूल किया।

वकील ने दी ये दलील

कोर्ट की कार्यवाही के अनुसार, ये अपराध तब हुए थे जब समर्स होबार्ट हरिकेंस टीम का हिस्सा थे। तस्मानिया सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि घटना से पहले समर्स ने सोशल मीडिया के जरिए पीड़ित से संपर्क किया था। सुनवाई के दौरान समर्स की वकील कैरोलिन ग्रेव्स ने दलील दी कि ये अपराध उनके जीवन के एक बहुत मुश्किल दौर में हुए थे। तब वे सामाजिक रूप से अकेले थे और सोशल मीडिया पर काफी समय बिता रहे थे। उन्होंने कोर्ट को बताया कि समर्स ने तब से अपने कामों पर विचार किया है और उनके दोबारा अपराध करने का खतरा कम है।

सबसे तेज गेंदबाज थे

डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रेव्स ने कहा, “यह अपराध उनके दिमाग से कभी नहीं जाएगा, लेकिन उन्हें अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना होगा।” उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उस समय समर्स को दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक माना जाता था। उन्हें एक संभावित इंटरनेशनल खिलाड़ी के तौर पर देखा जा रहा था।

उन्होंने कहा, “अपराध के समय वह दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक थे और इसीलिए उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर खेलने के लिए चुना जा रहा था। उन्हें पता है कि वह ऑस्ट्रेलिया या विदेश में कभी भी प्रोफेशनल क्रिकेट में आगे नहीं बढ़ पाएंगे।”

हिरासत में भेज दिया गया

समर्स ने 2021 में बच्चों के शोषण से जुड़े अलग-अलग अपराधों (बच्चों के शोषण से जुड़ा मटीरियल रखना) के लिए अपना जुर्म कबूल करने के बाद नॉर्दर्न टेरिटरी में जेल की सजा काटी थी। उनके वकील ने सजा को कुछ समय के लिए टालने का अनुरोध किया, लेकिन जस्टिस हेलेन वुड ने कहा कि ऐसा कोई विकल्प नहीं है। जमानत पर बाहर चल रहे समर्स को हिरासत में भेज दिया गया है और उन्हें अगस्त में सजा सुनाई जाएगी।

Back to top button