पीएम मोदी देंगे जयपुर मेट्रो फेज-2 की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को 13,037.66 करोड़ रुपये की जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। जयपुर में रोजगार उत्सव के दौरान 4 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। वहीं ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत जिलेभर में 5 लाख पौधे भी लगाए जाएंगे।
राजधानी जयपुर को आधुनिक शहरी परिवहन के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा में आयोजित कार्यक्रम से 13,037.66 करोड़ रुपये की लागत वाली 41 किलोमीटर लंबी जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे।
इस अवसर का सीधा प्रसारण जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित इंडोर हॉल में किया जाएगा। यहां जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन भी होगा, जिसमें विभिन्न विभागों में चयनित करीब 4 हजार नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य एक ओर जयपुर में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है।
तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला कलेक्टर ने पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, भीड़ नियंत्रण तथा पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सभी जरूरी सुविधाएं होंगी उपलब्ध
प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस, अग्निशमन, निर्बाध बिजली आपूर्ति, बैकअप जनरेटर, इंटरनेट और संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम करने पर भी जोर दिया गया है।
‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत लगेंगे 5 लाख पौधे
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कार्यक्रम के साथ ही ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पूरे जयपुर जिले में 5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) एवं कार्यक्रम नोडल अधिकारी राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर आशीष कुमार, राजेंद्र सिंह, युगांतर शर्मा, जयपुर मेट्रो के निदेशक (कंपनी मामलात) महेश बुराडिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल कविया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





