INDv SL पहला टेस्ट Live: मैथ्यूज- परेरा जमे, श्रीलंका 200 रन के स्कोर के पार


टीम इंडिया की कोशिश शुक्रवार को मेजबान टीम को जल्दी ऑलआउट करने की होगी, जबकि श्रीलंका की कोशिश फॉलोऑन टालकर मैच रोमांचक बनाने की रहेगी। हालांकि, श्रीलंका को असेला गुनारात्ने की सेवा नहीं मिलेगी, क्योंकि वो मैच के पहले दिन चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो चुके हैं। इस तरह श्रीलंका को पूरे मैच में 10 खिलाड़ियों के साथ बल्लेबाजी करना है।
मेजबान टीम की बल्लेबाजी का दारोमदार पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज पर टिका है, जिनसे आज टीम को बड़ी पारी की उम्मीद होगी। भारत की तरफ से मोहम्मद शमी ने दो जबकि उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले भारत के विशाल स्कोर के बाद बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। ओपनर दिमुथ करुनारात्ने (2) को उमेश यादव ने LBW आउट कर दिया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने एक ही ओवर में दनुश्का गुनाथिलाका (16) और कुसल मेंडिस (0) को अपना शिकार बनाया। यहां से उपुल थरंगा (64) और एंजेलो मैथ्यूज ने पारी सँभालते हुए चौथे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। मगर थरंगा रनआउट हो गए और श्रीलंका की टीम बैकफुट पर चली गई।
इससे पहले हार्दिक पांड्या (50) के शानदार डेब्यू और शिखर धवन (190), चेतेश्वर पुजारा (153) व अजिंक्य रहाणे (57) की शानदार पारियों की मदद से भारत ने पहली पारी में 600 रन बनाए थे। श्रीलंका की तरफ से तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप ने 6, लहिरू कुमार ने तीन और रंगना हेराथ ने एक विकेट लिया था।





