नेपाल सरकार का बड़ा एक्शन, पूर्व वित्त मंत्री विष्णु पौडेल मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार

नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे बड़े अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार देर रात देश के पूर्व वित्त मंत्री विष्णु प्रसाद पौडेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पौडेल पर मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं। नेपाल की नई सरकार, जिसे वहां के युवाओं (Gen Z) का भारी समर्थन हासिल है, पिछले शासनों के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार पर लगातार कड़े कदम उठा रही है।
बता दें कि 66 वर्षीय विष्णु पौडेल नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के एक वरिष्ठ नेता हैं और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार में बेहद सम्मानित मंत्री रहे हैं। पुलिस ने बताया कि उन्हें पश्चिमी नेपाल के एक होटल से हिरासत में लिया गया है।
काठमांडू लाया जा रहा है
पुलिस प्रवक्ता अबी नारायण काफले ने जानकारी दी कि पौडेल को गिरफ्तार करने के बाद काठमांडू लाया जा रहा है, जहां उन्हें आगे की जांच के लिए ‘मनी लॉन्ड्रिंग जांच विभाग’ को सौंप दिया जाएगा।
हिंसा और तख्तापलट के बाद की स्थिति
यह गिरफ्तारी केपी शर्मा ओली की सरकार गिरने के कुछ महीनों बाद हुई है। दरअसल, नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद ओली सरकार गिर गई थी। उस दौरान हुई हिंसा में कम से कम 76 लोगों की मौत हुई थी, 2500 से ज्यादा लोग घायल हुए थे और संसद समेत कई सरकारी इमारतों को आग के हवाले कर दिया गया था। इस हिंसा को न रोक पाने के आरोप में ओली और उनके गृह मंत्री को भी गिरफ्तार किया गया था, जो फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
रैपर से प्रधानमंत्री बने बालेंद्र शाह का एक्शन
गौरतलब है कि नेपाल के मौजूदा प्रधानमंत्री 36 वर्षीय बालेंद्र शाह हैं, जो पहले एक मशहूर रैपर थे। राजनीति में आने के बाद उन्होंने इसी साल मार्च में भ्रष्टाचार खत्म करने के बड़े वादे के साथ भारी बहुमत से चुनाव जीता था। पद संभालने के बाद से ही उन्होंने पिछले समय में हुए घोटालों और शक्तियों के दुरुपयोग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का संकल्प लिया है।





