रिफाइनरी से हर साल मिलेगा 40 लाख टन डीजल और 10 लाख टन पेट्रोल

राजस्थान की बहुप्रतीक्षित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी अब उत्पादन शुरू करने की दहलीज पर पहुंच गई है। इसी सप्ताह रिफाइनरी से डीजल का उत्पादन का ट्रायल रन शुरू होने जा रहा है। रिफाइनरी पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने के बाद हर साल करीब 40 लाख टन (4 मिलियन टन) डीजल और 10 लाख टन (1 मिलियन टन) पेट्रोल का उत्पादन करेगी। इसके अलावा 10 लाख टन पॉलीप्रोपाइलीन तथा एलएलडीपीई, एचडीपीई, ब्यूटाडाइन, बेंजीन, टोल्यूइन और सल्फर जैसे पेट्रोकेमिकल उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे।

रिफाइनरी के उत्पादों की बिक्री और वितरण के लिए हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने प्रदेश में करीब 300 नए पीओएल (पेट्रोलियम ऑयल एंड लुब्रिकेंट) आउटलेट खोलने की योजना बनाई है। इसके अलावा रोडवेज, पुलिस, जेल, पर्यटन विभाग, स्टेट मोटर गैराज और जिला कलेक्टर पूल जैसे सरकारी संस्थानों की ईंधन आवश्यकताओं को भी रिफाइनरी के उत्पादों से पूरा करने की रणनीति बनाई जा रही है।

राज्य सरकार ने रिफाइनरी उत्पादों के विपणन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोरा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है। यह समिति राज्य में उत्पादों के अधिकतम उपयोग और नए बाजार विकसित करने की संभावनाओं पर काम करेगी।

अगले महीने पीएम कर सकते हैं उद्घाटन
जानकारी के अनुसार रिफाइनरी का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने के पहले सप्ताह पचपदरा आ सकते हैं। हालांकि संभावित तिथि 4 जुलाई बताई जा रही है। गौरतलब है कि राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी में 20 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए जाने से ठीक एक दिन पहले भीषण आग लग गई थी जिसके इस हादसे के बाद उद्घाटन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था एचपीसीएल के अनुसार, यह आग रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में वैक्यूम रेसिड्यू एक्सचेंजर की इनलेट लाइन पर प्रेशर गेज टैपिंग पॉइंट में रिसाव के कारण लगी थी।

Back to top button