बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया को पहली बार वनडे सीरीज में रौंदा

 बांग्‍लादेश क्रिकेट टीम ने गुरुवार को इतिहास रच दिया। ढाका में खेले गए दूसरे वनडे में बांग्‍लादेश ने ऑस्‍ट्रेलिया को DLS मैथड से 5 विकेट से हराकर सीरीज पर कब्‍जा जमाया। बांग्‍लादेश ने ऑस्‍ट्रेलिया को पहली बार वनडे सीरीज में मात दी है। इससे पहले बांग्‍लादेश ने सीरीज के पहले वनडे को 86 रन से जीता था।

ऑस्‍ट्रेलिया ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 42 ओवर में 8 विकेट खोकर 187 रन बनाए इसके बाद बारिश के कारण मैच रोका गया। जब मैच फिर से शुरू हुआ तो बांग्‍लादेश को 41 ओवर में 192 रन का टारगेट दिया गया। इस लक्ष्‍य को मेजबान टीम ने 35 ओवर में चेज कर लिया।

ऑस्‍ट्रेलिया ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड

पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी ऑस्‍ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही और टीम ने बिना कोई रन बनाए 3 विकेट गंवा दिए। मैथ्‍यू शॉर्ट, कूपर कोनोली और मैट रेनशॉ का खाता तक नहीं खुला। तास्‍कीन अहमद ने बांग्‍लादेश की ओर से पहला ओवर किया। उन्‍होंने चौथी गेंद पर मैथ्‍यू शॉर्ट को क्‍लीन बोल्‍ड किया।

इसके बाद मुस्‍ताफिजुर रहमान ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर कूपर कोनोली को विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच आउट करा दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर रहमान ने मैट रेनशॉ का शिकार किया। इसके साथ ही ऑस्‍ट्रेलिया ने शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया। ऑस्‍ट्रेलिया दुनिया की चौथी टीम बनी जिसने शून्‍य पर तीन विकेट गंवाएं हो।

0 रन पर तीन विकेट गंवाने वाली टीम
0/3 – ऑस्‍ट्रेलिया बनाम बांग्‍लादेश, 2026*
0/3 – पाकिस्‍तान बनाम न्‍यूजीलैंड, 1983
0/3 – पाकिस्‍तान बनाम साउथ अफ्रीका, 1997
0/3 – बांग्‍लादेश बनाम श्रीलंका, 2003

रहमान ने चटकाए 3 विकेट
इसके बाद कप्‍तान जोश इंग्लिस (34) ने एलेक्‍स कैरी (13) के साथ पारी को संभाला। कैमरन ग्रीन ने 50 गेंदों पर 25 रन की धीमी पारी खेली। मार्नस लाबुशेन (55) और जेवियर बार्टलेट (52) ने लोअर ऑर्डर में फिफ्टी लगाकार ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 180 के पार पहुंचाया। बांग्‍लादेश की ओर से तस्‍कीन अहमद और रहमान ने 3-3 विकेट चटकाए।

बांग्‍लादेश ने जीता मैच
जवाब में बांग्‍लादेश की शुरुआत भी खराब रही और पहले ही ओवर में जेवियर ने तंजीद हसन तमीम को कॉट एंड बोल्‍ड आउट किया। इसके बाद सौम्‍य सरकार (42) और नजमुल हुसैन शांतो (41) ने 86 रन की साझेदारी की। इसके बाद लिटन दास ने 21 रन और मोसाद्देक हुसैन ने 15 रन बनाए। तौहीद हृदय 40 और कप्‍तान मेहदी हसन मिराज 22 रन बनाकर नाबाद रहे।

Back to top button