लच्छीवाला से रायपुर के बीच बनेगी 15 किमी लंबी फोरलेन एलिवेटेड रोड

ऋषिकेश-देहरादून के बीच नया ट्रैफिक कॉरिडोर मिलेगा। सर्वे और डीपीआर के लिए एक करोड़ मंजूर किए गए हैं।

राजधानी क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और वैकल्पिक संपर्क मार्ग विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू होने जा रही है। लच्छीवाला से रायपुर स्थित महाराणा प्रताप चौक तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी फोरलेन एलिवेटेड रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

परियोजना के प्रथम चरण में सर्वेक्षण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। लोनिवि का कहना है कि इस वर्ष के अंत तक सर्वे कार्य पूर्ण कर डीपीआर भी तैयार कर ली जाएगी।

प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव
लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने इस परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा था। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का निर्माण रिंग रोड की तर्ज पर सौंग नदी के किनारे किया जाएगा। यह मार्ग आबादी वाले क्षेत्रों से दूर ग्रीन बेल्ट में विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यावरणीय प्रभाव भी अपेक्षाकृत कम रहेगा।

करीब 1000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली यह परियोजना देहरादून की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकती है। वर्तमान में हरिद्वार रोड और शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। एलिवेटेड रोड बनने के बाद लंबी दूरी के वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। साथ ही यह मार्ग सहस्रधारा, गूलर घाटी और देहरादून शहर के लिए प्रभावी बाईपास का कार्य करेगा।

परियोजना के प्रथम चरण के तहत सर्वे व डीपीआर निर्माण के लिए एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है। इस साल के अंत तक सर्वे कार्य पूर्ण कर डीपीआर तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। – बीएन द्विवेदी, अधिशासी अभियंता, अस्थाई खंड लोनिवि ऋषिकेश

Back to top button