नाइटक्लब की घटना के बाद बेन स्टोक्स-गस एटकिंसन पर गिरी गाज, इंग्लैंड की टेस्ट टीम से छुट्टी

 इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बुधवार को कन्फर्म किया कि कप्तान बेन स्टोक्स और ऑलराउंडर गस एटकिंसन न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही तीन मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। यह मुकाबला 17 जून से शुरू होगा।

ECB ने कन्फर्म किया कि लॉर्ड्स में पहले टेस्ट में जीत के बाद लंदन के एक नाइटक्लब में झगड़े में शामिल होने के आरोपों को लेकर इन दोनों क्रिकेटर्स की जांच की जा रही है। बेन स्‍टोक्‍स की गैर-मौजूदगी में जो रूट इंग्लैंड टीम की कप्तानी करेंगे।

सेलेक्‍शन के लिए उपलब्‍ध नहीं

एक बयान में कहा गया, “इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड पुष्टि करता है कि टेस्‍ट सीरीज के बीच चल रही जांच को देखते हुए बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है। यह मैच बुधवार, 17 जून को ओवल में शुरू होगा।”

कप्‍तान के पद से हटाया जा सकता

यह फैसला ऐसे समय में आया जब ब्रिटिश मीडिया में चर्चा है कि स्टोक्स को टेस्ट कप्तान के पद से हटाया जा सकता है। कुछ रिपोर्ट में तो यहां तक कहा गया है कि वे इस फॉर्मेट से संन्यास भी ले सकते हैं। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर टीम में लौट आए हैं।

वह सीरीज का पहला टेस्‍ट नहीं खेले थे। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के साथ व्यस्त सीजन के बाद वर्कलोड को मैनेज करने के लिए लॉर्ड्स में खेले गए सीरीज के पहले मैच में आर्चर को आराम दिया गया था।

क्‍या है पूरा मामला

8 जून की सुबह इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को 115 रनों से हराया था। मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टोक्स ने पत्रकारों से कहा था कि वह “टीम के साथियों के साथ आराम से बीयर पीने” का इंतजार कर रहे हैं। यह जश्न ड्रेसिंग रूम तक ही सीमित नहीं रहा। स्थानीय मीडिया के अनुसार, स्टोक्स और एटकिंसन दोनों चेल्सी के रेक्स रूम्स नाइटक्लब पहुंचे। इसी क्‍लब में सारासेन्स टीम के खिलाड़ी भी सीजन के आखिर की अपनी पार्टी कर रहे थे।

रात में बाहर नहीं निकल सकते

‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के अनुसार, मशहूर रग्बी टीम ‘सारासेन्स’ के एक खिलाड़ी ने एटकिंसन को मुक्का मारने की कोशिश की, लेकिन वह इंग्लैंड के खिलाड़ियों की देखरेख कर रहे एक सिक्योरिटी गार्ड को जा लगा। हालांकि, इस झगड़े से भी ज्‍यादा गंभीर बात यह थी कि यह घटना किस जगह हुई।

इंग्लैंड के खिलाड़ियों पर आधी रात के बाद बाहर न निकलने का नियम लागू था। स्टोक्स और एटकिंसन ने इस नियम को तोड़ा। ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टोक्स अभी इंग्लैंड के कप्तान के तौर पर अपने भविष्य के बारे में सोच रहे हैं।

Back to top button