महाराष्ट्र: सरकारी जमीन पर 20 साल से खड़ी मस्जिद पर चला बुलडोजर

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा-भायंदर महानगर पालिका द्वारा सोमवार सुबह सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्मित नूरी मस्जिद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच प्रशासन ने तड़के ही बुलडोजर चलाकर इस अवैध धार्मिक ढांचे और उसके आसपास के अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम के सूत्रों के अनुसार, भायंदर ईस्ट के आजाद नगर इलाके में स्थित म्यूनिसिपल कार्पोरेशन के आरक्षित प्लाट संख्या 122 पर यह कार्रवाई की गई। यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित थी, जिस पर करीब बीस साल से अवैध कब्जा था।
मीरा-भायंदर में नूरी मस्जिद और अतिक्रमण ध्वस्त
नियमानुसार, महानगर पालिका प्रशासन ने इस कार्रवाई से पहले अवैध निर्माण हटाने के लिए वैधानिक नोटिस जारी की थी। कई चरणों में चले अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद सोमवार तड़के भारी सुरक्षा बल के साथ नगर निगम के दस्ते ने मुख्य अवैध ढांचे को ढहाने का काम शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में किसी भी प्रकार के तनाव या विरोध प्रदर्शन की स्थिति से निपटने के लिए गोल्ड नेस्ट सर्किल और आजाद नगर क्षेत्र में सख्त पुलिस सुरक्षा का पहरा रहा। स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर कुछ हद तक नाराजगी देखी गई, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
खाली जगह पर बनेगा बालासाहेब ठाकरे कला भवन
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि नियमों के तहत सरकारी भूखंड से अवैध अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से की गई है। मस्जिद के साथ-साथ इलाके के अन्य अवैध निर्माणों और झुग्गियों को भी साफ किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बहुमूल्य सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के पीछे एक बड़ी योजना है। इस आरक्षित भूखंड से नूरी मस्जिद और अन्य अवैध निर्माण हटने के बाद इस स्थान पर ‘बालासाहेब ठाकरे कला भवन’ का निर्माण प्रस्तावित है।
इस कला भवन के निर्माण की योजना के बाद से प्रशासन ने इस पूरी जमीन को भू-माफियाओं और अवैध कब्जों से मुक्त कराने की कवायद तेज कर दी थी, जो सोमवार को इस निर्णायक बुलडोजर एक्शन के साथ पूरी हो गई।





