राष्ट्रपति भवन में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सहयोग बढ़ाने पर मंथन

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 15.5 अरब डॉलर के कारोबार का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को कहा कि दोनों देशों को द्विपक्षीय कारोबारी रिश्तों को और ऊंचाई पर ले जाने की कोशिश करनी चाहिए।

उन्होंने साथ ही कहा कि भारत, इंडिया-अफ्रीका फोरम समिट को जल्द से जल्द फिर बुलाने के लिए अफ्रीकन यूनियन कमीशन के साथ मिलकर काम करेगा।

इबोला वायरस की चिंताओं के मद्देनजर नई दिल्ली में 28-31 मई को होने वाली समिट टाल दी गई थी। राष्ट्रपति भवन में दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पालस माशातिले के साथ एक बैठक के दौरान मुर्मु ने यह बात कही।

भारत की पहली यात्रा पर माशातिले का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती खास है क्योंकि यह ऐतिहासिक और समसामयिक दोनों है।

मुर्मु ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय कारोबार की काफी संभावनाएं हैं और दोनों देशों को अनुकूल नीतिगत माहौल बनाए रखना चाहिए जिससे दोनों देशों की कंपनियां एक-दूसरे के बाजार में अपने निवेश और कारोबारी गतिविधियां बढ़ा सकें। भारत, अफ्रीका के साथ अपनी साझेदारी के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

Back to top button