हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती: PMT से अनुपस्थित अभ्यर्थियों को मिला अंतिम मौका

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने पुरुष कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) और पुरुष कांस्टेबल (सरकारी रेलवे पुलिस) भर्ती के उन अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर देने का फैसला किया है, जो पहले आयोजित शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) में अनुपस्थित रहे थे। आयोग ने इसके लिए नया कार्यक्रम जारी कर दिया है।

सूचना के अनुसार, विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत आने वाले अभ्यर्थियों का पीएमटी 1 जून से 5 जून 2026 तक पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों की अनुपस्थिति 20 अप्रैल से 1 मई के बीच रही थी, उनका परीक्षण 1 जून को होगा। इसी प्रकार अन्य अनुपस्थित अभ्यर्थियों के लिए 2, 3, 4 और 5 जून की तिथियां निर्धारित की गई हैं।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को सुबह 6:30 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र और एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

एचएसएससी ने यह भी साफ कर दिया है कि यह अंतिम अवसर है। निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवारों को भविष्य में कोई और मौका नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, कोई नया प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा और न ही डाक या ई-मेल के माध्यम से अलग से सूचना भेजी जाएगी।

Back to top button