10 मिनट में बनाएं लौकी दही तड़का, उंगलियां चाटते रह जाएंगे सब!

गर्मी के मौसम में कुछ भी ऐसा बनाने का मन नहीं करता, जिसके लिए घंटों गैस के आगे न खड़ा होना पड़े। साथ ही, ऐसी रेसिपी की भी तलाश होती है, जो खाने में टेस्टी हो और पेट के लिए हल्की भी, ताकि तेज गर्मी में भी आसानी से पच जाए।
अगर गर्मी के कारण आपका भी खाना बनाने का मन नहीं कर रहा, तो 10-15 मिनट में बनकर तैयार होने वाला लौकी-दही तड़का आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है। यह डिश न सिर्फ आसानी से बन जाती है, बल्कि गर्मियों में शरीर को गजब की ठंडक भी देती है। दही की ठंडक और लौकी की हल्की तासीर इसे समर सीजन के लिए बेहतरीन बनाती है। आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान रेसिपी।
सामग्री
लौकी- 1 छोटी, कद्दूकस की हुई
ताजा दही- 1.5 कप
हरी मिर्च- 1-2
अदरक -1/2 इंच का टुकड़ा
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ
नमक स्वादानुसार
काला नमक- 1/4 छोटी चम्मच
भुना जीरा पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच
तड़के के लिए-
तेल या घी- 1 बड़ा चम्मच
राई- 1/2 छोटी चम्मच
जीरा- 1/2 छोटी चम्मच
हींग- 1 चुटकी
कढ़ी पत्ता- 7-8 पत्तियां
सूखी लाल मिर्च- 1
बनाने की विधि
सबसे पहले कद्दूकस की हुई लौकी को एक बर्तन में थोड़ा सा पानी डालकर मध्यम आंच पर 5 से 7 मिनट के लिए ढककर पकाएं ताकि लौकी नरम हो जाए। जब लौकी पक जाए, तो इसे गैस से उतारकर पूरी तरह ठंडा होने दें।
अब एक बड़े कटोरे में फेंटे हुए दही को लें और इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक, हरी मिर्च, भुना जीरा पाउडर, सादा नमक और काला नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इस दही में ठंडी की हुई उबली लौकी को डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
इसके बाद एक छोटे तड़का पैन में घी या तेल गरम करें। तेल गरम होते ही इसमें राई, जीरा और हींग डालें। जब राई चटकने लगे, तो सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ता डालें।
कढ़ी पत्ता क्रिस्पी होते ही गैस बंद कर दें और इस गरमा-गरम तड़के को तुरंत दही-लौकी के मिश्रण के ऊपर डाल दें। ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर सजाएं।
आपका शानदार लौकी दही तड़का तैयार है। इसे थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रखकर ठंडा करें और फिर परोसें।
कुकिंग के दौरान इन बातों का जरूर रखें ध्यान
अगर उबालने के बाद लौकी में ज्यादा पानी बच जाए, तो उसे हल्का निचोड़कर निकाल लें।
लौकी में दही डालने से पहले उसे थोड़ा ठंडा जरूर कर लें, वरना गरम मिश्रण में दही फट सकता है।





