एक्स्ट्रीम सिनेमा के बारे में आप क्या जानते हैं ?

बीते सालों में कुछ ऐसी फिल्मों का एक चलन सा चल निकला है, जहां बेहद खून खराबा और ब्रूटल सींस को लोग पसंद करने लगे हैं. दुनिया में तो इस तरह की फिल्में काफी सालों से बन रही थीं, लेकिन भारत में इस तरह का सिनेमा थोड़ा कम देखा और पसंद किया जाता था. लेकिन कुछ ऐसे मेकर्स आए, जिन्होंने लोगों को गोर सिनेमा दिखाने की कोशिश की और ये उन्हें काफी अच्छा भी लगा. भारत के दर्शकों की पसंद सिनेमा के मामले में काफी पारिवारिक रही है. लव स्टोरीज या फिर सोशल कॉमेडी फिल्मों को पसंद करने वाली जनता के मुंह जब से खून लगा, पीछे हटने का रास्ता भी बंद हो गया.

भारत में भले सिनेमा ने अब गोर और सैडिस्टिक फिल्में देखना शुरू किया हो, लेकिन दुनिया में ऐसी कई फिल्में हैं, जो काफी पहले इस मापदंड को न सिर्फ हासिल कर चुकी हैं, बल्कि काफी आगे भी निकल चुकी हैं. आज हम आपको सिनेमा के एक ऐसे जॉनर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें आने वाली कई फिल्मों को आधी दुनिया में बैन किया गया है. हम बात कर रहे हैं एक्स्ट्रीम सिनेमा की.

एक्स्ट्रीम सिनेमा को कुछ लोग टॉर्चर अडल्ट कंटेंट के तौर पर भी देखते हैं. सरल शब्दों में कहें तो सोच से परे वो सींस जो आपके मेंटल पीस को खराब कर सकते हैं. शारीरिक प्रताड़ना के साथ-साथ मानसिक तौर पर भी परेशान करने वाली फिल्में इस लिस्ट में आती हैं, जो एक आम इंसान के हेल्दी दिमाग को झकझोर सकती हैं. साइकोलॉजिकल हॉरर और बॉडी हॉरर भी कई बार इसी लिस्ट में आते हैं. ये फिल्में ऐसे विषयों पर बात करती है, जिन्हें समाज में देखना या सुनना पसंद नहीं किया जाता. इनमें खून-खराबा और दर्द को इतनी बारीकी से दिखाया जाता है कि वो बिल्कुल सच लगने लगता है.

एक्स्ट्रीम सिनेमा का मकसद दर्शक को अंदर तक हिला देना और उसकी सहनशक्ति की परीक्षा लेना होता है. लेकिन कुछ निर्देशक इसके जरिए समाज की कड़वी सच्चाई, युद्ध की क्रूरता या इंसान के अंदर छिपी बुराई को दिखाना चाहते हैं. जो जैसा है उसे उसी तरह दिखाना कई निर्देशकों को पसंद होता है. इसे आप रॉ सिनेमा (Raw Cinema) भी कहते हैं, लेकिन एक्स्ट्रीम सिनेमा, रॉ से कुछ पायदान आगे की बात हो जाती है. कुछ देशों (जैसे फ्रांस, जापान, और साउथ कोरिया) में इसे एक कला के रूप में देखा जाता है, जो इंसानी दिमाग की गहराइयों को टटोलती हैं और उसमें होने वाले बदलावों के बारे में बात करती है.

Back to top button