दो महीने बाद होर्मुज से निकला चीनी तेल टैंकर

चीन का एक विशाल तेल टैंकर दो महीने बाद बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट से निकल गया। 20 लाख बैरल इराकी कच्चा तेल से भरा यह टैंकर अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण दो महीने से अधिक समय से खाड़ी क्षेत्र में फंसा था।
शिप ट्रैकिंग एलएसईजी डेटा के मुताबिक, विशाल क्रूड टैंकर युआन हुआ हु अब ओमान की खाड़ी के पास लंगर डाले हुए है, जहां अमेरिकी नौसेना ने ईरानी जहाजों के लिए नाकाबंदी कर रखी है।
यह चीनी तेल टैंकर ऐसे समय होर्मुज से निकला है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीिंजग पहुंचे हैं। वह चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से गुरुवार को मुलाकात करेंगे। जबकि पिछले हफ्ते ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बीजिंग का दौरा किया था।
इधर, यूएई के स्वामित्व वाले एक तेल टैंकर से ईंधन लीकेज की खबर है। यह जहाज पिछले हफ्ते ईरानी ड्रोन हमले की चपेट में आया था। अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने बुधवार को ईंधन लीकेज की जानकारी दी।
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता पर बात आगे नहीं बढ़ पा रही है। पश्चिम एशिया में पिछले एक महीने से कायम युद्धविराम अब टूटने के कगार पर पहुंच गया है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रस्तावों पर सहमति नहीं बनने से तनाव लगातार बढ़ रहा है।





