ट्विटर पर सिर्फ इस एक शख्स को फॉलो करते हैं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

नई दिल्ली : राष्ट्रपति पद संभालते ही रामनाथ कोविंद ट्विटर पर एक्टिव हो गए हैं. रामनाथ कोविंद के देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद से ही राष्ट्रपति भवन के ट्विटर अकाउंट ने भी उनके लिए काम करना शुरू कर दिया. बुधवार को एक ही दिन के भीतर रामनाथ कोविंद ने अपने अकाउंट से एक के बाद एक 35 ट्वीट किए. खास बात यह है कि वह सिर्फ एक ही शख्स को फॉलो करते हैं.
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को फॉलो करते हैं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जिस पेज को फॉलो करते हैं वह प्रणब मुखर्जी का बतौर राष्ट्रपति के तौर पर संचित पेज है. इस पेज पर पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के तमाम भाषणों और ट्वीट का संकलन हैं. इस पेज पर आपको पूर्व राष्ट्रपति के कार्यकाल से जुड़ी तमाम तस्वीरें, वीडियो और भाषण मिल जाएंगे. बता दें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के ट्विटर अकाउंट को संग्रहीत कर लिया गया है. उन्होंने @CitiznMukherjee हैंडल से नया ट्विटर अकाउंट बनाया है.
यह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का ट्विटर हैंडल
ट्विटर इंडिया की पब्लिक पॉलिसी की प्रमुख महिमा कौल ने कहा, ‘‘भारत और विश्वभर की घटनाओं का जिक्र ट्विटर पर भी देखने को मिलता है. हम लोग भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक अकाउंट को बदल रहे हैं.’’ कौल ने कहा, ‘‘नए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अब भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट @RashtrapatiBhvn का इस्तेमाल करेंगे.’’ उन्होंने कहा कि मुखर्जी देश के 13वें राष्ट्रपति थे इसलिए उनके आधिकारिक ट्विटर अकाउंट की हिस्ट्री को @POI13 हैंडल से संग्रहीत कर लिया जाएगा.





