Shreyas Iyer ने किसे बताया पीबीकेएस की पहली हार का असली विलेन

पंजाब किंग्स का आईपीएल 2026 में विजयी रथ राजस्थान रॉयल्स ने रोक दिया है। पंजाब की टीम को अपने घर पर 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मैच में यशस्वी जायसवाल और डोनोवन फरेरा की अर्धशतकीय पारियों के दम पर आरआर ने पीबीकेएस को मात देते हुए 12 अंक के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है।
223 रन के लक्ष्य को आरआर की टीम 19.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस तरह मैच में मिली हार के बाद पीबीकेएस के कप्तान श्रेयस अय्यर काफी निराश नजर आए। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में बल्लेबाजों का बचाव किया, लेकिन गेंदबाजों को सीधे तौर पर मैच का गुनहगार बता दिया। इसके पीछे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि वे प्लान को एग्जीक्यूट नहीं कर पाए। 222 रन बनाकर भी टीम मैच हार गई।
PBKS vs RR: हार के बाद क्या बोले Shreyas Iyer?
दरअसल, मैच में मिली हार के बाद जब कप्तान श्रेयस अय्यर से ये सवाल पूछा गया कि कहां गलती हुई? तो इस पर उन्होंने कहा,
“मुझे लगा 224 का स्कोर बोर्ड पर शानदार था। बल्लेबाजों को शाबाशी, जिस तरह वो आए और गेंदबाजों पर हावी हुए। इस विकेट पर ये बेहतरीन प्रदर्शन था, जो थोड़ा चिपचिपा और धीमा था और मुझे लगता है कि हम गेंदबाजी में थोड़ा चूक गए, खासकर एग्जीक्यूशन में। हमने काफी धीमी गेंदें, पेस ऑफ, यॉर्कर डालने का प्लान बनाया था। मुझे लगता है हम वहां थोड़ा पीछे रह गए। साथ ही, बीच में उनकी जबरदस्त साझेदारी हुई, खासकर फरेरा और शुभम दुबे ने अंत में आकर अहम रन बनाए।”
अपनी बॉलिंग यूनिट को लेकर पीबीकेएस के कप्तान ने कहा,
देखिए, ये वो फॉर्मेट है जहां मुझे लगता है कि बहुत से खिलाड़ियों ने अपना गेम बदल लिया है और जब वो आते हैं, पहली गेंद से ही मारना शुरू कर देते हैं। तो गेंदबाजों के लिए किसी एक प्लान के साथ आना मुश्किल काम है। लेकिन आखिर में, मुझे लगता है ये सब एग्जीक्यूशन का खेल है। अगर आपके पास कोई प्लान है और आप उसे अच्छे से लागू करते हैं, तो आप जीतते हैं। और आज बस हमारा दिन नहीं था।
-अय्यर
जीत की पटरी पर वापसी करने के लिए आप टीम से क्या कहेंगे? सवाल का जवाब देते हुए अय्यर बोले,
“मुझे लगता है जरूरी है कि हम उन चीजों पर टिके रहें जो हम कर रहे हैं, जो रूटीन और प्रोसेस हम पूरे समय फॉलो कर रहे हैं। हमारा एक मैच था, फिर ट्रैवल करना पड़ा और आकर दूसरा गेम खेलना था। तो मुझे लगता है शरीर भी थोड़ा थका हुआ था, लेकिन ये यहां कोई बहाना नहीं हो सकता। पर हमारे पास कुछ दिन हैं रिफ्रेश होने के, ड्रॉइंग बोर्ड पर वापस जाने के और मजबूती से वापसी करने के।”
हार से क्या सीखा?
पंजाब किंग्स को इस हार से क्या सीख मिली? इस पर कप्तान श्रेयस ने कहा,
बिल्कुल। मुझे लगता है ये सीजन की हमारी पहली हार है, तो ये निश्चित तौर पर बहुत कुछ सिखाती है। और हमने बहुत से मैच खेले हैं जहां हमने 200+ चेज किया है, 200+ डिफेंड किया है। तो ये बस उन मैचों में से एक था जहां चीजें हमारे पक्ष में नहीं गईं और हमें इसे भुलाना होगा। और मुझे लगता है पीछे मुड़कर देखें तो कई चीजें हो सकती थीं, लेकिन मैं आगे सकारात्मक रहना चाहता हूं और अपने अप्रोच में आशावादी रहना चाहता हूं।
-श्रेयस अय्यर
हरप्रीत बरार को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर लाने को लेकर पूछे गए सवाल पर पीबीकेएस कप्तान ने कहा, “हां, बिल्कुल। मुझे लगा कि स्पिनरों के खिलाफ रन बनाना मुश्किल था क्योंकि गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी और उन्हें थोड़ा टर्न भी मिल रहा था। ज्यादा नहीं, लेकिन थोड़ा। पर हरप्रीत बराड़, हां, अपना पहला गेम खेलते हुए, जिस तरह की पर्सनैलिटी दिखाई जहां उसने चार ओवर में सिर्फ 25 रन दिए और टीम का सबसे अच्छा गेंदबाज रहा। मुझे लगता है उसे सलाम है, जिस तरह उसने पूरे मैच में अपना अप्रोच और एटीट्यूड बनाए रखा।”
बता दें कि अब पंजाब किंग्स नए वेन्यू धर्मशाला में खेलेगी, तो इस पर क्या असर रहेगा? कप्तान अय्यर ने मुस्कुराते हुए कहा कि कुछ नहीं, बस जीतना है।





