संजू सैमसन के शतक से चेपॉक में मिटा 6 हार का ‘कलंक’, चेन्नई ने चखा जीत का स्वाद

संजू सैमसन के शतक के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 में जीत का स्वाद चखा। इससे पहले उन्हें लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। दिल्ली के खिलाफ चेपॉक में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए थे। इसके बाद गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के दम पर सीएसके ने पहली जीत हासिल की।

चेन्नई की जर्सी पहनने के बाद संजू का बल्ला शांत हो गया था। तीन मैचों में फ्लॉप शो के बाद उन्होंने वापसी की और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली टीम के 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम 189 रनों पर सिमट गई और उन्हें 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

संजू सैमसन का आखिरकार चला बल्ला

टी-20 विश्व कप में आक्रामक बल्लेबाजी करके भारत को ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन आखिरकार आईपीएल में फॉर्म में लौट आए। पिछले तीन मैचों में 6, 7 और 9 रनों की पारी खेलने वाले सैमसन ने चेन्नई के एमए. चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध शानदार शतक लगाकर आलोचकों को जवाब ही नहीं दिया, बल्कि टीम को मजबूत शुरुआत भी दिलाई। सैमसन की शतकीय पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में दो विकेट पर 212 रन बनाए और दिल्ली के सामने 213 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

राजस्थान से चेन्नई सुपर किंग्स में आए सैमसन

सैमसन राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरुद्ध शुरुआती तीन मैचों में कुछ नहीं कर पाए थे जिससे उनको सीएसके में लाने पर सवाल उठ रहे थे लेकिन उन्होंने दिल्ली के विरुद्ध सबको शांत कर दिया। उन्होंने 52 गेंदों में 14 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 115 रन बनाए। यह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उनका पहला और आईपीएल में कुल चौथा शतक है। इससे पहले वह अपनी पूर्व टीम राजस्थान रॉयल्स के लिए दो और दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक शतक लगा चुके हैं।

आयुष का भी गरजा बल्ला

सैमसन के साथ युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने तेज रफ्तार से रन बनाते हुए टीम को मजबूती दी और 27 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा किया। आयुष 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। मौजूदा सीजन में यह उनका दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने पंजाब किंग्स के विरुद्ध 73 रन की प्रभावशाली पारी खेली थी। सैमसन और आयुष ने दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 113 रन जोड़कर चेन्नई को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया। इससे पहले सैमसन ने पहले विकेट के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 38 गेंदों में 62 रन की साझेदारी कर टीम को ठोस शुरुआत दिलाई थी।

रुतुराज गायकवाड़ का नहीं चला बल्ला

कप्तान रुतुराज गायकवाड़ एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वह 18 गेंदों पर केवल 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें अक्षर पटेल ने पवेलियन भेजा। इस सीजन में रुतुराज का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। इससे पहले वह आरसीबी के विरुद्ध 7 रन, पंजाब किंग्स के विरुद्ध 28 रन और राजस्थान रॉयल्स के विरुद्ध 6 रन ही बना सके थे। टीम और प्रशंसकों को उनसे कप्तानी पारी की उम्मीद थी, लेकिन इस मैच में भी वह बड़ी भूमिका नहीं निभा पाए।

दिल्ली और चेन्नई की टीम में दो-दो बदलाव

मैच से पहले दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो-दो बदलाव किए। दिल्ली कैपिटल्स ने नीतीश राणा और विपराज निगम की जगह आकिब नबी और आशुतोष शर्मा को मौका दिया। आकिब नबी ने इस मैच से आईपीएल में पदार्पण किया। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स ने गुरजपनीत सिंह और डेवाल्ड ब्रेविस को टीम में शामिल किया। मुकाबले से पहले रुतुराज गायकवाड़ ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि धोनी फिलहाल होटल में हैं और टीम को देख रहे हैं तथा समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही प्रशंसकों को धौनी मैदान पर भी नजर आ सकते हैं।

केएल राहुल फ्लॉप

पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 92 रनों की पारी खेलने वाले केएल राहुल का बल्ला इस मुकाबले में नहीं चला। उन्होंने पिछले मैच में 92 रनों की पारी खेली थी, जहां दिल्ली को 1 रन से हार का सामना करना पड़ा था। मैच राहुल 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें खलील अहमद ने मैदान से बाहर भेजा। दिल्ली की शुरूआत खराब रही और उन्होंने पावरप्ले में 2 विकेट गंवा दिए थे।

पथुम निसंका ने आक्रामक बल्लेबाजी दिखाई लेकिन अंशुल कंबोज ने उन्हें भी 41 रनों के स्कोर पर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद चेन्नई के गेंदबाज लगातार विकेट हासिल करते रहे और दिल्ली को मुकाबले में वापसी का मौका नहीं दिया। डीसी की टीम ने 149 रनों पर छठा विकेट गंवा दिया था। अक्षर पटेल की अगुवाई वाली टीम को आखिरी 5 ओवर में जीत के लिए 60 रनों की जरूरत थी। तो वहीं आखिरी तीन ओवरों में उन्हें 42 रनों की दरकार थी।

ट्रिस्टन स्टब्स का अर्धशतक

मैच में लगातार विकेट गंवा रही दिल्ली के लिए स्टार बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने एक छोर को संभाल कर रखा। उन्होंने 30 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिरी दो ओवरों में दिल्ली को जीत के लिए 32 रनों की जरूरत थी। चेन्नई के लिए 19वें ओवर में जेमी ओवरटन गेंदबाजी करने के लिए आए। सीएसके के लिए जीत की राह का रोड़ बन रहे स्टब्स को ओवरटन ने इसी ओवर की तीसरी गेंद पर आउट किया। वे 60 रन बनाकर आउट हो गए और सीएसके ने राहत की सांस ली। 

चेन्नई को 6 मैचों बाद चेपॉक में मिली जीत

सीएसके के लिए चेपॉक एक समय पर एक किला हुआ करता था, जिसे अन्य टीम के लिए भेद पाना लगभग नामुमकिन होता था। हालांकि, इसी मैदान पर उन्हें लगातार 6 हार का सामना करना पड़ा। उन्हें 2025 में अपने 5 घरेलू मैच में हार मिली। इसके बाद आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने भी उन्हें हराया। हालांकि, दिल्ली के खिलाफ चेन्नई ने 23 रनों से जीत हासिल की। उनकी आईपीएल 2026 में ये पहली जीत है।

Back to top button