वेकेशन पर जाने की कर रहे हैं तैयारी? प्लानिंग में न करें 5 भूल

बजट के अंदर ट्रैवलिंग करने का मतलब यह कतई नहीं कि आप किसी सस्ते से होस्टल में रात गुजारें और जैसे-तैसे खाकर अपनी छुट्टियां बिता लें। अगर बजट के अंदर ट्रैवल करने की तैयारी इसकी प्लानिंग के समय ही कर ली जाए तो फिर आगे का सफर आसान हो जाएगा।
यहां बात हो रही बजट फ्रेंडली ट्रैवल प्लानिंग की, जिसकी शुरुआत यात्रा शुरू करने के काफी पहले से हो जाती है, तो आइए इसे थोड़ा विस्तार से समझते हैं।
अगर नहीं जा पा रहे हैं ड्रीम डेस्टिनेशन
ऐसा बिलकुल भी नहीं है कि आप अपने ड्रीम डेस्टिनेशन तक नहीं जा पा रहे तो आपको ट्रिप ही कैंसिल कर देने की जरूरत है। आप उस जैसी दूसरी जगहों के ऑप्शन भी देख सकते हैं, जहां जाना ज्यादा सस्ता और बेहतर हो। जैसे कुछ हिल स्टेशंस ज्यादा महंगे होते हैं तो आप उससे मिलती-जुलती जगह जाने का प्लान कर सकते हैं।
कोई एक खास डेट ना चुनें
अक्सर ऐसा देखा गया है कि एक ही समय पर काफी सारे लोग एक जगह पर ही जाने की प्लानिंग कर रहे होते हैं। इससे वहां जाना और रहना महंगा पड़ सकता है। ज्यादा भीड़ की वजह से आपका मजा भी किरकिरा हो सकता है। इसलिए, आप अपने ट्रैवल टाइम में थोड़ा बदलाव लाकर समझदारी से प्लानिंग कर सकते हैं।
हर समय ऐसा नहीं होता
लोगों को लगता है कि होटल के मुकाबले एयरबीएनबी या वीआरबीओ जैसे ऑप्शन ज्यादा सस्ते होते हैं। लेकिन हर बार ऐसा हो जरूरी नहीं है। कुछ होटल ब्रांड्स कम कीमत पर भी रहने की सुविधा उपलब्ध कराते हैं। अगर आप सोलो ट्रैवलिंग कर रहे हैं तो होस्टल भी एक बेहतर विकल्प हो सकता है, बस उसकी रेटिंग पहले ही चेक कर लें।
शहर के बीचोंबीच रहने से बचें
किसी भी शहर का मुख्य इलाका ज्यादा महंगा होता है, ऐसे में इन जगहों पर ठहरना या खाना आपके बजट पर असर डाल सकता है। इसलिए, शहर से थोड़ा दूर भी रहने का ठिकाना देख सकते हैं। इन जगहों पर आपको रहने के साथ-साथ, खाना और बाकी एक्टिविटीज भी सस्ती मिल सकती है।
कैश में करें तो ज्यादा बेहतर है
अगर आप ट्रैवल से जुड़े खर्चे क्रेडिट कार्ड से करते हैं तो आपको बजट का अंदाजा नहीं रहेगा और जरूरत से ज्यादा खर्च होने का खतरा हो सकता है। इससे बचने के लिए कैश या फिर पॉइंट्स में पेमेंट करें।





