6,650 करोड़ रुपये के तीन एमओयू साइन, 20 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेगा रोजगार

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं। सोमवार को दौरे के पहले ही यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने प्रदेश में कुल 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। ये निवेश ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में होंगे। इन तीनों परियोजनाओं से 20 हजार से अधिक रोजगार भी सृजित होंगे।

सीएम ने निवेशकों को प्रदेश की नीतिगत स्थिरता, बेहतर कनेक्टिविटी और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे से अवगत कराया। समूह को डेटा सेंटर स्थापना के लिए लखनऊ आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इन सेक्टर्स में हुए एमओयू

अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट के करीब 100 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसमें 3,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके आने से लगभग 12 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इस परियोजना के 2027 में शुरू होने की संभावना है।

कानपुर-लखनऊ हाईवे पर लॉजिस्टिक्स पार्क
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ भूमि में लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित होगा। इसमें 650 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे करीब 7,500 रोजगार सृजित होंगे। इसके भी 2027 में शुरू होने की संभावना है।

नोएडा/ग्रेटर नोएडा में हाइपर स्केल डेटा सेंटर पार्क
नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ भूमि पर 40 मेगावाट आईटी पावर क्षमता वाला हाइपर स्केल डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जाएगा। इसमें 2,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इससे करीब 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस प्रोजेक्ट के 2028 में शुरू होने की संभावना है।

Back to top button