सीएम ग्रिड योजना: बरेली में 36 करोड़ रुपये की लागत से ये सड़क बनेगी स्मार्ट

बरेली की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने बड़ी योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड योजना) के तीसरे चरण के अंतर्गत अब महर्षि चौक से लेकर श्यामगंज पुल तक की सड़क को 36 करोड़ रुपये से बनवाया जाएगा। 

एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि इस परियोजना के लिए नगर निगम की ओर से प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद जरूरी औपचारिकता पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, महर्षि चौक से श्यामगंज पुल तक की लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क को आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में सड़क के बीच स्थित डिवाइडर को 0.7 मीटर से बढ़ाकर 1.2 मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिससे न केवल सड़क का स्वरूप बदलेगा बल्कि यातायात प्रबंधन में भी सुगमता आएगी। 

सड़क को मिलेगा स्मार्ट लुक
शहर की प्रमुख सड़क को स्मार्ट लुक देने के लिए बिजली की लाइनों को पूरी तरह से भूमिगत किया जाएगा। इससे सड़क के ऊपर फैले तारों के जंजाल से मुक्ति मिलेगी और आए दिन होने वाले हादसों का खतरा भी कम होगा। पैदल चलने वाले राहगीरों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर पक्के फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। सड़क के बनने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में इस मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है, लेकिन नई सड़क और व्यवस्थित डिवाइडर बनने से जाम की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। पौधे लगाकर इस मार्ग को और सुंदर बनाने का प्रयास किया जाएगा।   

दूसरे चरण का तेजी से चल रहा काम 
सीएम ग्रिड योजना के तहत स्टेडियम रोड पर डेलापीर से लेकर स्टेडियम तक निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। एक ओर रोड का निर्माण हो गया है और दूसरी ओर का काम जल्द पूरा होगा। प्रेमनगर के आसपास भी काम तेजी से किया जा रहा है।  

नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने बताया कि सीएम ग्रिड के तीसरे चरण के लिए डीपीआर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। पुराने कामों को भी तेजी से कराया जा रहा है।

Back to top button