भिवाड़ी केमिकल फैक्टरी अग्निकांड: आठ लोगों की मौत पर पीएम मोदी ने जताया शोक

राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी में तेज धमाके के बाद भीषण आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि फैक्टरी में काम कर रहे आठ लोग जिंदा जल गए। इस भयावह घटना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम भजनलाल, पूर्व सीएम अशोक गहलोत और राज्यपाल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने शोक संवेदना जताई है।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति उनकी संवेदनाएं हैं और वे घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल की संवेदना
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी में आग लगने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं तथा दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
वहीं, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी में आग लगने से हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष की प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा) की एक केमिकल फैक्टरी में लगी भीषण आग में आठ व्यक्तियों की मृत्यु को बेहद पीड़ादायक और दुखद बताया। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कम से कम जनहानि हो। प्रभु दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में 7 लोगों के जिंदा जलने की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में एवं शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में केमिकल फैक्टरी में आग लगने से 8-10 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की तथा हाल के अन्य हादसों का उल्लेख करते हुए इसे गंभीर मामला बताया।
कैसे हुई घटना और क्या पता चला?
दमकल इंचार्ज राजू खान के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर G-1, 118 में स्थित फैक्टरी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं। बताया गया कि फैक्टरी पिछले कई महीनों से बंद बताई जा रही थी, लेकिन परिसर में बड़ी मात्रा में गत्तों का स्टॉक रखा हुआ था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे फैक्टरी के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
धमाकों से दहशत, कारणों की जांच जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान तीन से चार बार जोरदार धमाके हुए, जिनकी आवाज दूर तक सुनी गई। प्रारंभिक अंदेशा है कि फैक्टरी के अंदर रखे गैस सिलेंडर फटने से ये धमाके हुए होंगे। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से।
एहतियातन आसपास की फैक्टरियों को खाली करा लिया गया और बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि फैक्टरी में रखा गत्ता तेजी से आग पकड़ रहा था। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया, हालांकि शीतलन कार्य देर तक जारी रहा। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया।
सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश
घटना के बाद प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र की अन्य इकाइयों को भी सुरक्षा मानकों की जांच करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बंद बताई जा रही फैक्टरी में क्या गतिविधियां चल रही थीं और धमाके का कारण क्या था।





