कोलकाता में तृणमूल की शहीद दिवस रैली हुई शुरू

कोलकाता- कोलकाता के धर्मतल्ला में शुक्रवार दोपहर 12 बजे से तृणमूल की शहीद दिवस रैली शुरू हो गई। इस बाबत धर्मतला में सीइएससी मुख्यालय के पास विशाल मंच का निर्माण किया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत अन्य वरिष्ठ तृणमूल नेताओं की बातें सुनने लाखों लोग आए हैं। तृणमूल समर्थक हावड़ा व सियालदह रेलवे स्टेशन, हाजरा, गरियाहाट, श्यामबाजार, खिदिरपुर, बेहला व कुछ अन्य जगहों से जुलूस निकालकर धर्मतल्ला पहुंचे हैं। वरिष्ठ नेताओं ने अपना भाषण शुरू कर दिया है।

वे ममता सरकार का गुणगान करते दिखे। रैली में ममता का केंद्र के खिलाफ एक बार फिर जोर से गरजना लाजिमी है। गौरतलब है कि ममता केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ लगातार मुखर रही हैं। चाहे नोटबंदी का मामला हो या फिर जीएसटी लागू करने को लेकर।

ममता दार्जिलिंग में व्याप्त अशांति और राज्य में विभिन्न जगह हुए सांप्रदायिक दंगे का दोष भी भाजपा पर मढ़ चुकी हैं। इधर रैली के कारण महानगर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। राज्यभर से पहुंचने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को कोई समस्या न हो, इस बाबत मिलन मेला, गीतांजलि स्टेडियम व शहर की कुछ धर्मशालाओं में ठहरने व खाने-पीने की व्यवस्था की गई है।   

Back to top button