1 मार्च से बंद होगा जनरल टिकट बुकिंग वाला एप, RailOne पर करना होगा स्विच

इंडियन रेलवे जनरल टिकट बुकिंग एप UTS Ticket Booking App को बंद करने जा रही है। यह एप 1 मार्च से काम नहीं करेगी। इंडियन रेलवे का कहना है कि यात्रियों को इस एप की जगह नई RailOne का इस्तेमाल करना होगा। यूटीएस एप के जरिए यात्री जनरल टिकट के साथ प्लेटफॉर्म टिकट भी ऑनलाइन खरीद पाते थे। यात्रियों को अब ये सभी सेवाएं भारतीय रेलवे की सुपर एप RailOne पर मिलेंगी, जिसे पिछले साल लॉन्च किया गया था।
RailOne एप रेल यात्रियों के लिए वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसमें यात्रियों को जनरल टिकट बुकिंग, रिजर्व टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने का ऑप्शन मिलता है। इसके साथ ही IRCTC Rail Connect, NTES, Rail Madad और फूड ऑन ट्रैक जैसी कई इंटीग्रेटेड सेवाओं को इस एप में एक्सेस कर सकते हैं।
UTS App के R-Wallet का क्या होगा?
इंडियन रेलवे ने बताया है कि यात्रियों के आर-वॉलेट की मौजूदा धनराशि को रेलवन एप में यूज किया जा सकता है। यात्री IRCTC या फिर UTS एप के लॉगइन और पासवर्ड से रेलवन एप में लॉगइन कर पाएंगे। इसतरह वे अपने आर-वॉलेट में मौजूद बैलेंस को इस्तेमाल कर पाएंगे।
जनरल टिकट पर 3 प्रतिशत का डिस्काउंट
इंडियन रेलवे अपनी नई एप RailOne पर फिलहाल जनरल टिकट पर 3 प्रतिशत का डिस्काउंट दे रही है। जनरल टिकट पर इस डिस्काउंट के लिए यात्रियों को अपने जनरल टिकट का भुगतान डिजिटल माध्यम जैसे यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग के जरिए करना होगा। रेलवन एप पर यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगा।
RailOne एप की खूबियां
रेलवन एप से यात्री रिजर्व टिकट, जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं।
टिकट बुकिंग की प्रक्रिया सिंपल और सिक्योर है। यात्री विभिन्न माध्यम जैसे यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, आर-वॉलेट और नेट बैंकिंग की मदद से पेमेंट कर सकते हैं।
एप में लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, ट्रेन की टाइमिंग और लेट होने की जानकारी, ट्रेन में कोच पोजिशन की रियल टाइम इन्फॉर्मेशन, प्लेटफॉर्म इन्फॉर्मेशन जैसी जानकारी भी मिलती है।
यात्री अपने ट्रेन टिकट के पीएनआर स्टेटस को भी चेक कर सकते हैं। इसके साथ ही बुक टिकट को एप से कैंसिल भी कर सकते हैं।
RailOne एप से यात्री आईआरसीटीसी अप्रूव वेंडर से डायरेक्ट खाना भी ऑर्डर कर सकते हैं।
इस एप में Rail Madad को भी इंटीग्रेट किया गया है। यात्री इससे शिकायत, फीडबैंक और सर्विस रिक्वेस्ट भी आसानी से मैनेज कर सकते हैं।





