जालौर को बजट में मिली विकास की बड़ी सौगात

वित्त मंत्री एवं डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने जालौर जिले के लिए पर्यटन, जल संसाधन, सड़क, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, खेल और शिक्षा क्षेत्रों में व्यापक घोषणाएं की हैं। सुंधामाता में भालू संरक्षित क्षेत्र विकास, जल संकट के समाधान के लिए 5,900 करोड़ रुपए की डीपीआर समेत कई सौगातें जालौर को मिली हैं।
राज्य बजट में जालौर जिले को बहुआयामी विकास की सौगात मिली है। पर्यटन क्षेत्र में सुंधामाता में भालू संरक्षित क्षेत्र स्थापित किया जाएगा तथा सांचौर में वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर बनाया जाएगा। जालौर को जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और बाड़मेर से जोड़ते हुए थार सांस्कृतिक सर्किट विकसित किया जाएगा। इससे मरुस्थलीय संस्कृति, लोककला और विरासत को वैश्विक पहचान मिलने के साथ पर्यटन आधारित रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
जलापूर्ति एवं जल संसाधन
जालौर और सांचौर में जलापूर्ति अंतराल कम करने के लिए नए जल स्रोत, उच्च जलाशय और पंप लाइनों का निर्माण किया जाएगा। जालौर सहित बांसवाड़ा, सलूम्बर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और उदयपुर जिलों के लिए 5,900 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार होगी। अनास नदी के अतिरिक्त जल संचयन के लिए 100 करोड़ रुपए की डीपीआर बनाई जाएगी। नर्मदा नहर परियोजना (सांचौर) में जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने हेतु 2 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार होगी। आहोर (बावरला) में 7 करोड़ रुपए से बांध और नहरों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। जालौर-सांचौर क्षेत्र में एसटीपी निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क विकास
सड़क विकास के तहत बावतरा सीमा-पादरू-मीठोडा (12 किमी) को डबल लेन बनाने के लिए 12 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। छीपरवाड़ा-मेडाउपरला-डूडसी-प्याउ बागरा एवं चांदराई-निबला (30 किमी) मार्ग के लिए 10 करोड़ रुपए, भागली सिंघलान-चितरहणी-झरडाजी सीमा सहित विभिन्न सड़कों के लिए 10.30 करोड़ रुपए, मामावली रोड-वाडेली मार्ग के लिए 60 लाख रुपए तथा रानीवाड़ा में पुलिया एवं सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। सांचौर (डबाल-तलावियानाड़ी-गोगाजी, 4 किमी) मार्ग के लिए 1.20 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। वर्षा से क्षतिग्रस्त पुलिया एवं सड़कों की मरम्मत के साथ एलसी-113 (जालौर-रानीवाड़ा) और एलसी-10 (रोहट-जालौर) पर भी कार्य कराया जाएगा।
ऊर्जा एवं कृषि विकास
ऊर्जा एवं शहरी विकास के तहत सायला में 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण किया जाएगा तथा शहरी निकाय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। कृषि क्षेत्र में सांचौर में सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्यालय शुरू होगा। सायला (जीवाणा) अनार मंडी में मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी और सायला में पशु चिकित्सा संस्थान का निर्माण व उन्नयन किया जाएगा। मुर्गीपालन और गो-उत्पादों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं खेल
आहोर में खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। थुबा (आहोर) और शिवपुरा पुरोहितान (बावतरा) में नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। जिला चिकित्सालय में नशा मुक्ति वार्ड स्थापित किया जाएगा तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काउंसलर और मेंटल हेल्थ केयर सेल शुरू किया जाएगा। पंचायत स्तर पर यूथ गेम्स भी आयोजित किए जाएंगे।
शिक्षा एवं प्रशासनिक सुधार
शिक्षा क्षेत्र में 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने हेतु 20 हजार रुपए का ई-वाउचर दिया जाएगा। कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी तथा सभी स्कूलों में शौचालय निर्माण का प्रावधान किया गया है। प्रशासनिक सुधार के तहत जालौर कारागृहों में सुधार और निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे।
इन सभी घोषणाओं से जालौर जिले में आधारभूत संरचना, जल प्रबंधन, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।





