कूड़ा बीनने वाले शख्स ने लगाए ऐसे सुर, लोगों को याद आए सोनू निगम

भारत में टैलेंट की कमी नहीं है। भारत की गलियों में जाकर देखें तो टैलेंट कूट-कूटकर भरा है, बस उन्हें मौका मिलना चाहिए। हाल ही में सोशल मीडिया पर कचरा बीनने वाले एक शख्स का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। जिसमें शख्स ने ऐसा सुर लगाया, जिसे सुनने के बाद लोगों को बॉलीवुड के दिग्गज गायक सोनू निगम की याद आ गई।

वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक शख्स रेलवे ट्रैक के किनारे बोरा लेकर प्लास्टिक का कचरा इकट्ठा कर रहा है। तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति उससे गाने की गुजारिश करता है। पहले तो वह थोड़ा झिझकता है, लेकिन जैसे ही वह गाना शुरू करता है, वहां मौजूद हर शख्स दंग रह जाता है। फिर कचरा बीनने वाला शख्स 2004 में आई सुपरहिट फिल्म ‘वीर-जारा’ का गाना ‘दो पल का ख्वाबों का कारवां’ गाता नजर आता है।

नेटिजन्स को शख्स की आवाज में वही ठहराव और सुरीलापन नजर आया, जिसके लिए सोनू निगम जाने जाते हैं। गाने के दौरान उसके चेहरे की सादगी और आवाज की गहराई ने लोगों का दिल जीत लिया। वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @shubh_1858 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है।

सोनू निगम की आवाज का जादू उनके फैंस के सिर पर चढ़कर बोलता है। उनके गाने लोगों के दिलों को छू जाते हैं। उनकी आवाज में रोमांस, दर्द, खुशी जैसे भावों को बहुत शिद्दत से बयां करने की ताकत है। सोनू निगम ने सिंगिंग की दुनिया में अपना एक अलग स्थान बनाया है। उनके सैंकड़ों गाने संगीत प्रेमियों की फेवरेट लिस्ट में शामिल हैं।

वीडियो को अब तक 6.5 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। लोग इसपर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा, भाई ने तो दिल जीत लिया, वाकई अद्भुत टैलेंट है। दूसरे यूजर ने लिखा, असली टैलेंट गलियों और पटरियों पर बिखरा पड़ा है, बस उसे सही मंच की जरूरत है। तो वहीं कुछ यूजर्स का यह भी मानना है कि, टैलेंट अच्छा है, लेकिन सोनू निगम जैसे लेजेंड से तुलना करना ठीक नहीं।

Back to top button