T20 World Cup 2026: …तो क्या ICC ने ईडन गार्डन्स के साथ कर दिया ‘अन्याय’!

ऐसा पहली बार है, जब ईडन गार्डन्स स्टेडियम में विश्वकप के मैच होने जा रहे हों और इसे लेकर कोलकाता के क्रिकेटप्रेमियों में कोई उत्साह नहीं है। न तो यहां होने वाले मैचों पर कोई चर्चा हो रही है और न ही टिकटों के लिए होड़ मची है।
इसका प्रमुख कारण ईडन गार्डन्स जैसे बड़े स्टेडियम को एक भी ‘हाई-प्रोफाइलÓ मैच नहीं मिलना बताया जा रहा है। बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के अधिकारी भी इस बात को दबी जुबान में स्वीकार कर रहे हैं, हालांकि यह भी कह रहे हैं कि यह आईसीसी का टूर्नामेंट है।
बीसीसीआई के अधीनस्थ राज्य क्रिकेट संघ के तौर पर उन्हें जिन भी मैचों के आयोजन का दायित्व मिलेगा, वे उसका बखूबी निर्वाह करेंगे।
टिकटों की बिक्री में उत्साह की कमी
मालूम हो कि ईडन गार्डन्स के हिस्से में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, इटली व स्काटलैंड जैसी टीमों के मैच पड़े हैं। बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के कारण स्काटलैंड को मौका मिला है। कैब सूत्रों ने बताया कि मैच के टिकटों की बिक्री बहुत उत्साहजनक नहीं है।
वेस्टइंडीज व इंग्लैंड यहां दो-दो मैच जरूर खेलेगी, लेकिन उनका मुकाबला इटली व स्काटलैंड जैसी टीमों से हैं। अधिकांश लोग इन टीमों का खेल देखने पर पैसे खर्च करना नहीं चाह रहे। ऐसे में इस बार ईडन गार्डन्स में विश्वकप की भीड़ को संभालना नहीं, बल्कि भीड़ जुटाना बड़ी चुनौती होगी।
ईडन गार्डन्स के साथ हुआ अन्याय
दूसरी तरफ क्रिकेटप्रेमियों का एक वर्ग इसे ईडन गार्डन्स जैसे विश्व विख्यात स्टेडियम के साथ ‘अन्याय’ बता रहा है। इन लोगों का कहना है कि जो स्टेडियम 50 व 20 ओवरों के विश्वकप के फाइनल की मेजबानी कर चुका है, उसे इतने ‘लो-प्रोफाइल’ मैच देना उसके साथ अन्याय है।
2016 में भारत में हुआ पिछले टी-20 विश्वकप का फाइनल यहीं हुआ था। इसके अलावा ईडन गार्डन्स को भारत-पाकिस्तान के ‘हाई-वोल्टेज’ मैच की भी मेजबानी मिली थी जबकि इस बार भारत का एक भी मैच नहीं दिया गया है।
सभी स्टेडियम की एक जैसी स्थिति
दिल्ली, मुंबई व अहमदाबाद को भारत के मैचों की मेजबानी मिली है। दूसरी तरफ कुछ का कहना है कि इस टी-20 विश्वकप में इतनी ज्यादा नई टीमें खेल रही हैं कि मैचों की मेजबानी पाने वाले सभी स्टेडियमों की स्थिति कमोबेश एक जैसी है।
टी-20 के निर्णायक दौर के वेन्यू अभी तय नहीं हुए हैं। ईडन गार्डन्स को उनमें से मैच मिलने और भारत के अच्छा प्रदर्शन करने पर यहां खेलने की संभावना बन सकती है।





