PMCH को विश्वस्तरीय बनाने की कवायद, सीएम नीतीश कुमार ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अचानक पीएमसीएच पहुंचे और अस्पताल के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का सघन निरीक्षण किया। फिर वह जेपी गंगा पथ भी पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों को अलग-अलग निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का सघन निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से बिना किसी समझौते के इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें। इस दौरान उन्होंने अस्पताल को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने और मरीजों को अत्याधुनिक इलाज मुहैया कराने पर जोर दिया।
रेडियोलॉजी और शिशु विभाग का बारीकी से निरीक्षण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सबसे पहले नवनिर्मित आपातकालीन भवन के प्रथम तल पर पहुंचे। यहां उन्होंने रेडियोलॉजी विभाग में स्थापित की गई विश्वस्तरीय सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनों का जायजा लिया। इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि विभाग में हर वह जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है जो एक आधुनिक अस्पताल में होनी चाहिए। इसके बाद सीएम पांचवें तल पर स्थित शिशु विभाग पहुंचे। वहां उन्होंने नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट, नर्स स्टेशन और भंडारण कक्षों का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही इसे और अधिक सुदृढ़ करने के सुझाव भी दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाएं और यह सुनिश्चित करें कि यहाँ आने वाले मरीजों को किसी भी तरह की कठिनाई न हो। चिकित्सकों के रहने की व्यवस्था भी बेहतर ढंग से की जाए ताकि वे 24 घंटे सेवा के लिए उपलब्ध रहें।
जे०पी० गंगा पथ का भी किया दीदार
अस्पताल परिसर का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जे०पी० गंगा पथ पहुंचे। वहां उन्होंने विकसित किए जा रहे पार्क और सौंदर्गीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा पथ के किनारे विकसित हो रहे इन क्षेत्रों को आम जनता के लिए सुविधाजनक और आकर्षक बनाया जाए।
मौके पर मौजूद रहे ये दिग्गज
इस उच्च स्तरीय निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. और पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।





