जम्मू से देश के छह प्रमुख धार्मिक शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू

धार्मिक स्थलों तक आम लोगों की पहुंच को आसान बनाने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (जेकेएसआरटीसी) ने जम्मू से देश के छह प्रमुख धार्मिक शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू की है। मंगलवार को एमए स्टेडियम जम्मू से मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इन बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन बस सेवाओं के तहत जम्मू से आनंदपुर साहिब, शारदा शरीफ (राजोरी), ज्वाला जी, अजमेर शरीफ और सरधना (मेरठ) के लिए नियमित बसें चलाई जाएंगी। इससे पहले भी जेकेएसआरटीसी अमृतसर समेत अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी बस सेवाएं चला रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है।

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और जेकेएसआरटीसी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की जनहितकारी सेवाएं न सिर्फ धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा देंगी बल्कि राज्यों के बीच संपर्क और पर्यटन को भी मजबूती देंगी। परिवहन मंत्री सतीश शर्मा ने बताया कि जेकेएसआरटीसी भविष्य में भी लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए नई बस सेवाएं शुरू करेगी।

Back to top button